राजस्थान विधानसभा में विधायक ने राम राम की तो स्पीकर ने टोका, फिर ऐसा क्या हुआ कि सब हंसने लगे?
- विधायक रेवंतराम डांगा ने सदन में राम-राम किया तो स्पीकर ने उन्हें टोंक दिया। फिर भी कहते रहे तो फिर टोंक दिया। इसके बाद विधायक ने ऐसा क्या कहा कि विधानसभा में उपस्थित सदस्य जोर-जोर से हंसने लगे।

राजस्थान विधानसभा में आज की कार्यवाही हंसी-ठहाके से शुरू हुई। स्पीकर वासुदेव देवनानी द्वारा टोकाटाकी भी की गई। विधायक रेवंतराम डांगा ने सदन में राम-राम किया तो स्पीकर ने उन्हें टोंक दिया। फिर भी कहते रहे तो फिर टोंक दिया। इसके बाद विधायक ने सवाल पूछने के लिए प्रश्न संख्या बोली तो विधानसभा में उपस्थित सदस्य जोर-जोर से हंसने लगे। जानिए क्या था पूरा मामला।
राम-राम कहने पर स्पीकर ने टोका
विधानसभा सत्र की कार्यवाही चल रही थी। खींसवर विधायक रेवंतराम डांगा से स्पीकर ने सवाल पूछने को कहा। इस पर डांगा उठे और ऊर्जा से भरे अंदाज में कहा राम-राम सा कहा। इस पर स्पीकर ने तुरंत टोकते हुए कहा प्रश्न पूछो अभी, राम राम हो गई। इसके बाद आस-पास बैठे सदस्यों ने हंसना शुरू कर दिया।
प्रश्न संख्या बोलते ही लगे ठहाके
डांगा फिर भी नहीं रुके। उन्होंने अविवादन जारी रखा। डांगा ने कहा कि सबसे पहले सबको होली की शुभकामनाएं। मेरे आदरणीय बड़ों को प्रणाम और छोटों को राम-राम। इसके बाद फिर स्पीकर ने टोंकते हुए कहा कि प्रश्न पूछो पहले। इसके बाद विधायक ने कहा, प्रश्न संख्या 420। इतना कहते ही चारो तरफ बैठे सदस्य जोर-जोर से हंसने लगे।
विराजो-विराजो, कहकर स्पीकर ने टोका
इतने में स्पीकर ने उन्हें टोंकते हुए कहा, विराजो। विराजो। इस पर उन्होंने(विधायक) ने हंसते हुए कहा जो है सो है। इसके बाद एक बार फिर उन्होंने अंग्रेजी में प्रश्न संख्या बोलते हुए कहा, फोर टू जीरो। इसके बावजूद विधानसभा में मौजूद सदस्य हंसते रहे।
कौन हैं रेवंतराम डांगा
विधायक रेवंतराम डांगा, राजनेता और राजस्थान के खींवसर से विधायक हैं। यह विधानसभा नागौर जिले में स्थित है। डांगा भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। आपको बताते चलें कि आज सदन में अवैध खनन के मुद्दे पर कांग्रेस ने जमकर हंगामा और नारेबाजी भी की थी।