Celebration of Dr B R Ambedkar s Birth Anniversary with Procession Preparations and Concerns बोले आगरा: डा. आंबेडकर की निकलेगी झांकी, बहुत काम बाकी , Agra Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAgra NewsCelebration of Dr B R Ambedkar s Birth Anniversary with Procession Preparations and Concerns

बोले आगरा: डा. आंबेडकर की निकलेगी झांकी, बहुत काम बाकी

Agra News - एत्मादपुर में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। 14 से 16 अप्रैल तक महोत्सव होगा, जिसमें 16 को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। हालांकि, शोभायात्रा मार्ग की खराब स्थिति और...

Newswrap हिन्दुस्तान, आगराMon, 14 April 2025 04:31 AM
share Share
Follow Us on
बोले आगरा: डा. आंबेडकर की निकलेगी झांकी, बहुत काम बाकी

एत्मादपुर। भारत रत्न संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को हर्ष और उल्लास से मनायी जाएगी। जिले भर में विविध आयोजन होंगे। एत्मादपुर कस्बे में 14 से 16 अप्रैल तक तीन दिवसीय महोत्सव होगा। 16 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। उत्साह चरम पर है। लेकिन आयोजन की तैयारियों में जुटे समिति के पदाधिकारी शोभायात्रा मार्ग की दुर्दशा से चिंतित हैं। उनका मानना है कि शोभा यात्रा मार्ग पर चोक नालियां, बहता सीवर और खराब प्रकाश व्यवस्था परेशानी का कारण हैं। समिति के पदाधिकारियों का मानना है कि शोभायात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं दुरुस्त होने से आयोजन सफल होगा। एत्मादपुर की डा. आंबेडकर शोभायात्रा जिले भर में काफी प्रसिद्ध है। आंबेडकर अनुयायी इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारी करते हैं। आयोजन समिति का भी गठन हो चुका है। 14 अप्रैल को कस्बे के आंबेडकर पार्क में कार्यक्रम होंगे लेकिन वहां भी समस्याओं का अंबार है। पार्क के बाहर अतिक्रमण है। जबकि अंदर भी बदहाली है।

आपके अखबार हिन्दुस्तान के बोले आगरा संवाद के दौरान रविवार को आंबेडकर अनुयायी और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने जयंती महोत्सव को लेकर कई समस्याएं बतायीं। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को कस्बे के कई मोहल्लों में हम प्रभात फेरी निकालेंगे। वहां की सफाई व्यवस्था लचर है। आंबेडकर जयंती के मौके पर दलित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलने चाहिए। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव का मुख्य आयोजन शोभायात्रा 16 अप्रैल को होगा। भव्य शोभायात्रा निकाले जाने की तैयारी है। लेकिन वहां अभी काफी अव्यस्थाएं हैं। सड़क भले ही बन गयी हो लेकिन शोभायात्रा मार्ग में गंदगी समस्या बनी हुई है। इधर विद्युत विभाग की लापरवाही भी बतायी गयी। पदाधिकारियों ने बताया कि बिजली के लटकते हुए तारों को दुरस्त किया जाए। इनसे हादसों की आशंका रहती है। विद्युत अधिकारी समय रहते इस दिशा में कार्य करें। संवाद में नगर पालिका से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि कस्बे की गलियों और बाज़ारों में स्ट्रीट लाइटें रात को नहीं जलती हैं। जयंती महोत्सव और शोभायात्रा के दौरान इससे परेशानी होगी।

समिति के अध्क्ष प्रेम सिंह पिप्पल ने कहा कि एत्मादपुर की आंबेडकर शोभायात्रा में भी सरकारी सहयोग मिलना चाहिए। आंबेडकर पार्क के पास नाले की तलीझाड़ सफाई हो। शोभायात्रा में महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

डा. आंबेडकर के अनुयायियों ने कहा कि खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट, शोभायात्रा मार्ग की बदहाली, सड़कों पर बहता सीवर का पानी, नाले की सफाई इस आयोजन में बड़ी अड़चन है। इसको दूर किया जाए। हालत यह है कि इस समय गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। शोभायात्रा से पहले सीवर की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो काफी दिक्कत आएगी।

इधर अनुयायियों ने बताया कि कस्बे के आंबेडकर पार्क भी बदहाली का शिकार है। वहां कई समस्याएं हैं। पार्क के पास नाले की सफाई नहीं हुई है। आरोप है कि नाले की तलीझाड़ सफाई सालों से नहीं हुई है। इस कारण इलाके की तमाम बस्तियों में पूरे दिन दुर्गंध रहती हैं।

महिला सुरक्षा हो पुख्ता

आगरा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा में सैकड़ों महिला अनुयायी भी शामिल रहती हैं। समिति पदाधिकारियों ने शोभायात्रा के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है। कहा कि शोभायात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। जिससे छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगे।

इनकी बात

1. एत्मादपुर में 16 अप्रैल को शोभायात्रा निकाली जाएगी। दो दिन शेष हैं, इसके बाद भी अब तक विकास कार्य शुरु नहीं हो पाए हैं। साफ-सफाई की व्यवस्था भी सही नहीं है।

प्रेम सिंह पिप्पल, अध्यक्ष

2. शोभायात्रा में अब समय नहीं बचा है। मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। नगर पालिका और तहसील प्रशासन द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही है।

औसीद कुमार

3. आंबेडकर पार्क की नियमित साफ-सफाई न होने से स्थिति काफी खराब हो गई है। जगह जगह गंदगी फैली पड़ी है। कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी अब तक जिम्मेदार अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराई है।

सुमित सेन

4. कस्बे के कई इलाकों में अंधेरा रहता है। दिक्कत दूर करने के लिए विद्युत स्ट्रीट एलईडी लाइटें लगाए जाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। ताकि शोभायात्रा सुचारू गुजर सके।

केशव दत्त निमेष

5. यहां कई मोहल्लों में काफी संख्या में गोवंश के झुंड रहता है। गोवंश कई बार आक्रामक होकर लोगों पर हमला कर चुके हैं। ये शोभायात्रा में भी अफरा-तफरी उत्पन्न करते हैं।

शंकर ठेकेदार

6. आंबेडकर प्रतिमाओं की सुरक्षा जरूरी है। अराजक तत्व गांवों में प्रतिमाओं को निशाना बनाते हैं। आंबेडकर पार्कों की सुरक्षा होनी चाहिए।

महावीर सिंह आदित्य

7. आंबेडकर जयंती पर दलित बस्तियों में विशेष सफाई व्यवस्था होनी चाहिए। यह कार्य अब तक हो जाना चाहिए था। नगर पालिका सफाई अभियान चलाए।

सत्य प्रकाश निमेष

8. शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से निकाली जाएगी। कई स्थानों पर विद्युत तार लटक रहे हैं। इससे शोभायात्रा के दौरान हादसे का खतरा रहता है। नीचे लटके व झुके तारों को ऊंचा किया जाए।

विशंभर ठेकेदार

9. शोभायात्रा मार्ग में कई स्थानों पर पुलिया और नालियों की हालत सही नहीं है। अभी दो दिन हैं। नगर पालिका इस समस्या का हल कराए।

शंकर ठेकेदार।

10. जयंती के अवसर पर आंबेडकर पार्क, शोभायात्रा मार्ग और बौद्ध विहार की सफाई, रंगाई पुताई अभी तक नही कराई गई है। शोभायात्रा से पहले सभी काम पूरे कर लिए जाएं।

एसपी सिंह सुमन

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।