महीने भर से 50 घरों में नहीं पहुंच रहा जलकल का पानी
Deoria News - देवरिया के नाथ नगर मोहल्ले में पिछले एक महीने से जलकल का पानी नहीं आ रहा है। पाइप के क्षतिग्रस्त होने से लोग मोटर के सहारे पानी की आपूर्ति कर रहे हैं और पीने के लिए पानी खरीदने को मजबूर हैं। शहर के कई...

देवरिया, निज संवाददाता। शहर के नाथ नगर मोहल्ले में पाइप क्षतिग्रस्त होने से पिछले एक महीने से घरो में जलकल का पानी नही जा रहा है। जिससे मोहल्ले के लोगों को पानी की समस्या बढ़ गयी है। लोग मोटर के सहारे घरों में पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। वहीं पीने के लिए पानी खरीदने को मजबूर हैं। ऐसा हाल शहर के आधा दर्जन जगहों का है, जहां पाइप क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति बाधित है।
शहर में रसोई गैस की आपूर्ति के लिए पाइप लाइन डाली जा रही है। गैस पाइप के लिए मशीन के जरिए जमीन में खुदाई कर पाइप को डाला जा रहा है, जिससे आए दिन कहीं न कहीं जलकल का पाइप क्षतिग्रस्त हो जा रहा है। शहर में करीब आधा दर्जन से अधिक जगहों पर इन दिनों जलकल का पाइप क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा हुआ है। वहीं कुछ जगहों क्षतिग्रस्त ठीक करने लिए गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। शहर के नाथ नगर मोहल्ला स्थित आईडिया टावर के समीप पिछले एक माह से जलकल का पाइप क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा हुआ है। पाइप के क्षतिग्रस्त होने से इस मोहल्ले के करीब 50 घरों की जलापूर्ति बाधित है। लोग पानी की किल्लत से परेशान हैं, मोहल्ले के लोग मोटर के सहारे घरों में जलापूर्ति कर आवश्यक कार्य कर रहे हैं। वहीं पीने के लिए लोगों को पानी खरीदना पड़ रहा है।
पालिका कर्मियों की मानें तो शहर में गैस पाइप डालने के दौरान उमानगर नगर, नाथ नगर , भटवलिया, अम्बेडकर नगर व रामनाथ देवरिया में जलकल का पाइप क्षतिग्रस्त हालत में है।
पिछले एक महीने से घरों में जलकल का पानी नही आ रहा है, जिससे काफी परेशानी बढ़ गयी है। मोटर चलाकर पानी की आपूर्ति की जा रही है।
- चन्द्रशेखर सिंह, नाथ नगर।
रसोई गैस पाइप के लिए पाइप डालने के दौरान जलकल का पाइप क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद उसे आज तक ठीक नही किया गया है। घरों में पानी के लिए समस्या हो रही है।
- श्रीराम, नाथ नगर
करीब एक महिने हो गए पाइप को क्षतिग्रस्त हुए, पाइप को ठीक करने के लिए गड्ढा खोदकर वैसे ही छोड़ दिया गया है। अभी तक क्षतिग्रस्त को ठीक नही किया जा सका है।
- अजीत सिंह, नाथ नगर।
जलकल का पानी न आने से पानी के लिए काफी परेशानी हो रही है। घर का आवश्यक कार्य करने में दिक्कत पानी के लिए परेशान होना पड़ता है।
- शारदा, नाथ नगर।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।