Eid-ul-Fitr Preparations Intensify in Agra Amid Community Concerns बोले आगरा, चांद से पहले कराएं इंतजामों का दीदार, Agra Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAgra NewsEid-ul-Fitr Preparations Intensify in Agra Amid Community Concerns

बोले आगरा, चांद से पहले कराएं इंतजामों का दीदार

Agra News - आगरा में ईद-उल-फितर की तैयारियां जोरों पर हैं। मस्जिदों की सजावट और साफ-सफाई की जा रही है, लेकिन इस्लामिया लोकल एजेंसी के सदस्यों ने प्रशासन से बिजली, पानी, सफाई और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की मांग...

Newswrap हिन्दुस्तान, आगराWed, 9 April 2025 03:36 PM
share Share
Follow Us on
बोले आगरा, चांद से पहले कराएं इंतजामों का दीदार

आगरा। आज (शुक्रवार) जुमे की आखिरी नमाज है। ईद-उल-फितर में अब दूरी नहीं है। त्योहार को लेकर शहर की मुस्लिम बस्तियों में तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। शाही जामा मस्जिद सहित अन्य सभी मस्जिदों में साफ-सफाई और सजावट कराई जा रही है। दुकानों पर सेवइयों की महक लुभा रही है। नए कपड़े सिल रहे हैं। चांद दिखने के बाद होने वाली खरीद की तैयारी दुकानदार कर रहे। इसके विपरीत इस्लामिया लोकल एजेंसी (इंतजामिया कमेटी) के पदाधिकारियों को शासन प्रशासन स्तर पर ईद की तैयारियां नजर नहीं आ रहीं। संवाद कार्यक्रम में उन्होंने अपनी परेशानियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि मस्जिदों के आसपास सफाई की जरूरत है। त्योहार पर बिजली, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहनी चाहिए। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है।

आज शहर की शाही जामा मस्जिद समेत अन्य सभी मस्जिदों में पौने दो बजे जमैतुल विदा की नमाज यानि जुमे की आखिरी नमाज पढ़ी जाएगी। नमाज के बाद ईद की तैयारियां शुरु हो जाएंगी। मस्जिदों को सजाया जाएगा। परिसर रंग बिरंगी रोशनी से जगमग होंगे। शहर में मुस्लिम समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। ये पूरी आबादी त्योहार से पहले सभी इबादतगाहों के आसपास साफ-सफाई चाहती है। इस्लामिया लोकल एजेंसी के पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ साल पहले तक ईद को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समाज के प्रबुद्ध लोगों की बैठक होती थी। सभी विभागों के अधिकारी साथ बैठते थे। शिकायतें, समस्याएं सुनी जाती थीं। अधिकारी उन शिकायतों पर तुरंत सुनवाई करते थे। पदाधिकारियों का कहना था कि इस बार अभी तक बैठक नहीं हो सकी है। त्योहार से पहले इबादतगाहों के आसपास सफाई नहीं हो रही है। नगर निगम की टीम भी कहीं नजर नहीं आ रही है। रिहायशी इलाकों और इबादतगाहों के पास गंदगी बढ़ने से लोगों में नाराजगी है। इस समस्या का तुरंत निस्तारण किए जाने की जरूरत है।

कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि इबादतगाहों के आसपास और रिहायशी इलाकों में लगी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इन्हें त्योहार से पहले सही किया जाना चाहिए। सड़कों में जगह जगह गड्ढे हैं। इनमें पैचवर्क किए जाने की जरूरत है। गली मुहल्लों में कई स्थानों पर केबल झूल रहे हैं। कोई हादसा हो सकता है। इन्हें भी त्योहार से पहले सही कर दिया जाना चाहिए। कमेटी पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से सोशल मीडिया पोस्ट की निगरानी किए जाने की मांग की है। पदाधिकारियों का कहना है कि देश में अनर्गल बयानबाजी का माहौल चल रहा है। इसलिए ये बेहद जरूरी है कि त्योहार पर माहौल बिगाड़ने के लिए किसी भी तरह की अनुचित बयानबाजी न की जाए। लोगों ने कहा कि त्योहार के मौके पर सर्व समाज को मिसाल पेश करनी चाहिए। सभी बाजारों में खरीदारों को फील गुड कराने के लिए साज सजावट होनी चाहिए। त्योहार के दिन सभी मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में 24 घंटे बिजली और पानी की सुविधा मिलनी चाहिए। सुरक्षा के लिए चिह्नित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात होना चाहिए।

इबादतगाहों के आसपास चले सफाई अभियान

ईद की तैयारियों में जुटे समाज के लोगों में इस बार नगर निगम को लेकर सबसे ज्यादा नाराजगी है। कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि गत वर्षों में त्योहार से पहले निगम की टीम मुस्लिम इलाकों और मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाती थी। जगह जगह चूने का छिड़काव किया जाता था। नाले नालियों की भी सफाई होती थी। इस साल सफाई अभियान में लापरवाही बरती जा रही है। आरोप है कि नगर निगम की टीम ने शाही जामा मस्जिद के आसपास भी सफाई नहीं की है। जहांआरा मार्केट के पास बने डलावघर से अब तक कूड़ा नहीं उठाया गया है। इससे नमाजियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

24 घंटे की जाए बिजली और पानी की आपूर्ति

मांग रखी कि त्योहार पर मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में 24 घंटे बिजली और पानी की आपूर्ति दी जाए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उन्हें तड़के तीन बजे से सुबह 6 बजे तक पानी की सप्लाई दी जा रही है। इससे पानी जमा करने में लोगों को दिक्कत पेश आ रही है। कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि त्योहार पर अगर 24 घंटे पानी की सप्लाई मिल जाएगी तो लोगों को बड़ी राहत मिल जाएगी। त्योहार की खुशी दोगुनी हो जाएगी। कमेटी पदाधिकारियों ने बिजली खंभों पर झूल रहे तारों के मकड़जाल को भी हटाए जाने की मांग की है। कहा कि त्योहार पर बिजली कटौती बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।

संवेदनशील इलाकों में रहे पुलिस बल की तैनाती

त्योहार को लेकर यूं तो पुलिस अधिकारी पहले से अलर्ट हैं। लेकिन उन्होंने संवेदनशील और प्रमुख इबादगाहों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन दिनों सोशल मीडिया और उपद्रवी लोगों के द्वारा संयम बगैर पोस्ट डाली जा रही हैं। ऐसे में त्योहार पर पुलिस को पुख्ता निगरानी करनी होगी। बाजारों और मस्जिदों में भीड़ नियंत्रण के इंतजाम रहने चाहिए। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जानी चाहिए। सोशल मीडिया पर भी नजर रखनी होगी। जो भी कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे। उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। सांप्रदायिकता फैलाने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाए।

ये हैं शहर की प्रमुख मस्जिदें

जमैतुल और ईद की नमाज के लिए शहर की प्रमुख मस्जिदों में जोरों से तैयारियां चल रही है। इनमें बिजलीघर स्थित शाही जामा मस्जिद, रकाबगंज ईदगाह कुतलूपुर स्थित शाही ईदगाह मस्जिद, ताजरोड स्थित लोधी मस्जिद, वजीरपुरा रोड स्थित अकबरी मस्जिद, मोती कटरा स्थित काली मस्जिद, ताजमहल मस्जिद, रामबाग स्थित लाल मस्जिद, जगदीशपुरा स्थित नबी करीम मस्जिद, फतेहपुर सीकरी की शाही मस्जिद के अलावा शहर में सैकड़ों की संख्या में इबादतगाह हैं। जहां जमैतुल और ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। इन दिनों सभी मस्जिदों में साज सजावट के साथ परिसर में साफ-सफाई का काम तेजी से किया जा रहा है। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि त्योहार पर सभी मस्जिदों रंग बिरंगी झालरों से रोशनी कराई जाएगी। मुस्लिम समुदाय के लोग बढ़चढ़ कर इन कार्यों में हिस्सा ले रहे हैं।

नमाज के आधे घंटे बाद ट्रैफिक खोलने की मांग

जमैतुल विदा और ईद की नमाज की तैयारियों में जुटे समाज के लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नमाज खत्म होने के आधे घंटे बाद ट्रैफिक खोला जाए। इससे न तो नमाजियों को दिक्कत होगी। न ही किसी तरह के हादसे का खतरा रहेगा। उन्होंने बताया कि जुमे की आखिरी नमाज में लाखों की संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। नमाज के बाद सड़कों पर भीड़ का सैलाब उमड़ेगा। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रहेगी तो सभी कार्य आसानी से संपन्न हो जाएंगे। किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न नहीं होगा। ईद के त्योहार के दिन ट्रैफिक प्रबंधन के लिए स्पेशल टीम का गठन करना चाहिए।

ये हैं समस्याएं

रिहायशी इलाकों और मस्जिदों के आसपास गंदगी का आलम

रिहायशी इलाकों में बिजली के खंभों पर तारों का जाल लगा है

लगातार पानी की सप्लाई न मिल पाने से लोग परेशानी में हैं

रिहायशी इलाकों मस्जिदों के आसपास स्ट्रीट लाइटें खराब हैं

रिहायशी इलाकों में कई स्थानों पर सड़कों में गड्ढे हो गए हैं

ये हैं समाधान

नगर निगम को ईद से पहले विशेष सफाई अभियान चलाना चाहिए

प्रशासन को मुस्लिम इलाकों में बिजली तारों को दुरुस्त करना होगा

पानी की सप्लाई निरंतर हो, टैंकरों से भी लोगों को सप्लाई दी जाए

अभियान चलाकर खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को सही किया जाए

जिन स्थानों पर सड़क खराब हैं, वहां पैच वर्क करने की जरूरत है

वर्जन

ईद का त्योहार नजदीक है। मेरा सर्वसमाज के लोगों से यही कहना है कि सभी मिलजुल कर इस त्योहार को मनाएं। सभी बाजारों में सजावट की जानी चाहिए।

जाहिद कुरैशी, अध्यक्ष- इस्लामिया लोकल एजेंसी (इंतजामिया कमेटी)

हर साल त्योहार से पहले जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक होती थी। परेशानियां सुनी जाती थीं। इस साल ऐसा नहीं हुआ। प्रशासन को समाज के साथ बैठक करनी चाहिए।

मो. शरीफ कुरैशी, (उपाध्यक्ष- इस्लामिया लोकल एजेंसी

शाही जामा मस्जिद समेत प्रमुख मस्जिदों के आसपास गंदगी की समस्या है। हर साल निगम अधिकारी सफाई कराते थे। इस बार ऐसा नहीं हो पाया है। जल्दी सफाई की जाए।

नईमुद्दीन

ईद खुशियों का त्योहार है। इसे सुचारु रूप से मनाने के लिए सफाई, बिजली और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन जरूरी है। पुख्ता इंतजाम होने चाहिए।

मो. मिराज कुरैशी

ईद के त्योहार पर इलाके में गंदगी और कूड़े के ढेर चिंता का कारण बने हुए हैं। मस्जिदों में सफाई का काम जारी है। लेकिन गलियों में सफाई नहीं कराई गई है।

अफसार अली

कई स्थानों पर विद्युत खंभों पर बिजली के तारों का मकड़जाल बना हुआ है। इस वजह से हर समय हादसे का खतरा बना रहा है। इस दिक्कत को दूर करना चाहिए।

अल्फाज अली खान

त्योहार पर मस्जिदों में जबरदस्त रौनक नजर आएगी। सभी मस्जिदों में साफ-सफाई और सजावट कराई जा रही है। प्रशासन को त्योहार पर पूरा सहयोग करना चाहिए।

मो रिजवान कुरैशी

बस्ती में ईद की तैयारियां जोरों पर हैं। लेकिन सफाई व्यवस्था की स्थिति बिल्कुल सही नहीं है। अधिकारियों को इस तरफ ध्यान देकर समस्या का समाधान करना चाहिए।

मो अरबाज

त्योहार पर बाजारों में जबरदस्त भीड़ रहेगी। ऐसे में मेरी यही मांग है कि सड़क और बाजारों में यातायात व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन होना चाहिए। कोई दिक्कत नहीं हो।

मो नदीम

त्योहार पर बाजारों में पार्किंग की उचित व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। ज्यादा भीड़ होने पर जाम लग जाता है। इससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

मो सुहेल कुरैशी

ईद से पहले यातायात प्रबंधन को दुरुस्त किए जाने की जरूरत है। कई इलाकों में पानी की कमी भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। सभी दिक्कतें जल्दी दूर होनी चाहिए।

मो एनुद्दीन

ईद की तैयारियों के बीच पानी की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। रोजेदारों को सहरी और इफ्तार के समय पानी की कमी से जूझना पड़ रहा है।

मोहसिन खान

बाजारों में भीड़ बढ़ रही है और मस्जिदों में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। लेकिन त्योहार के दौरान मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर सरकारी मशीनरी सुस्त नजर आ रही है।

अकील

ईद की खरीदारी जोरों पर है। दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ जुट रही है। जिससे बाजारों में रौनक बनी हुई है। लेकिन अव्यवस्था के कारण लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।

आमिर कुरैशी

त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए पीस कमेटी की ज्यादा से ज्यादा बैठकें कराए जाने की जरूरत है। इससे लोग अपनी परेशानियां बता पाएंगे। उनका समाधान हो पाएगा।

वकीलुद्दीन

तड़के तीन बजे से सुबह 6 बजे तक पानी की सप्लाई दी जा रही है। इससे पानी जमा करने में लोगों को दिक्कत पेश आ रही है। 24 घंटे पानी की सप्लाई मिलने से दिक्कत दूर होगी।

तालिब हसन

नमाज खत्म होने के आधे घंटे बाद ट्रैफिक खोला जाए। इससे न तो नमाजियों को दिक्कत होगी। न ही किसी तरह के हादसे का खतरा रहेगा। सभी को सहूलियत मिलेगी।

सलीम पेंटर

नमाज के बाद सड़कों पर भीड़ का सैलाब उमड़ेगा। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रहेगी तो सभी कार्य आसानी से संपन्न हो जाएंगे। किसी नमाजी या शहरवासी को दिक्कत नहीं होगी।

मो हबीब

इन दिनों सोशल मीडिया और उपद्रवी लोगों को द्वारा अमर्यादित पोस्ट डाली जा रही हैं। ऐसे में त्योहार पर पुलिस को पुख्ता निगरानी करनी होगी। भीड़ नियंत्रण के इंतजाम रहने चाहिए।

आदिल खान

जो भी कोई माहौल बिगाड़न की कोशिश करे। उसके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। सांप्रदायिकता फैलाने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाए।

मो हुमायूं कुरैशी

त्योहार पर अगर 24 घंटे पानी की सप्लाई मिल जाएगी तो लोगों को बड़ी राहत मिल जाएगी। त्योहार की खुशी दोगुनी हो जाएगी। किसी भी नमाजी को पानी की दिक्कत नहीं होगी।

मो आरिफ

मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में कई स्थानों पर सड़कें खराब हो चुकी हैं। मेरी यही मांग है कि जहां भी सड़कें खराब हैं। वहां प्राथमिकता के साथ सड़कों पर पैच वर्क किया जाना चाहिए।

सोनू कुरैशी

मस्जिदों के आसपास सफाई की जरूरत है। त्योहार पर बिजली, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहनी चाहिए। किसी को भी दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

उबैद कुरैशी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।