शोभायात्रा निकालने पर मुकदमे से नाराज पदाधिकारी मुख्यमंत्री से मिले
Aligarh News - - परंपरागत मार्ग बदलकर 47 साल बाद सब्जी मंडी चौराहे से निकाली गई थी शोभायात्रा

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। सब्जी मंडी चौराहे से मां दुर्गा की शोभायात्रा निकालने पर दर्ज हुए मुकदमे के विरोध में पूर्व मेयर शकुंतला भारती व शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उनके समक्ष अपना पक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने उन्हें न्याय का भरोसा भी दिलाया। रामनवमी पर नगला मसानी स्थित पथवारी मंदिर से मां दुर्गा की शोभायात्रा निकाली गई थी। इसे लेकर समिति के लोगों ने तर्क दिया कि कटरा मोहल्ले का रास्ता संकरा है। पिछली बार करंट उतर आया था। ऐसे में यात्रा को कनवरीगंज फर्श से ले जाया जाए। मोहल्ले के लोगों के विरोध करने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद शोभायात्रा सब्जी मंडी से ही निकाली गई। ऐसा 47 साल बाद हुआ। मामले में देहलीगेट थाने में पूर्व मेयर शकुंतला भारती (संरक्षक), अध्यक्ष अखिल मांगलिक व संयोजक हरीबाबू गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। आरोप था कि लोकसेवक के आदेश का उल्लंघन करते हुए परंपरागत मार्ग से यात्रा को बदलकर निकाला गया। इसे लेकर गुरुवार को शकुंतला भारती, अखिल मांगलिक, हरीबाबू गुप्ता के अलावा भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत मुख्यमंत्री से मिले और अपना पक्ष रखा। पूर्व मेयर के अनुसार मुख्यमंत्री से उचित कार्रवाई करने का आश्वासन मिला है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।