Dramatic Love Story Bride Escapes Wedding with Her Lover in Amroha मंडप से दुल्हन ले गया प्रेमी, बैरंग लौटी बारात , Amroha Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmroha NewsDramatic Love Story Bride Escapes Wedding with Her Lover in Amroha

मंडप से दुल्हन ले गया प्रेमी, बैरंग लौटी बारात

Amroha News - अमरोहा, संवाददाता। अमरोहा शहर में रविवार रात एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। दिल्ली से सीधे बैंक्वेट हॉल पहुंचा प्रेमी मंडप से दुल्हन को अपने स

Newswrap हिन्दुस्तान, अमरोहाWed, 23 April 2025 02:09 AM
share Share
Follow Us on
मंडप से दुल्हन ले गया प्रेमी, बैरंग लौटी बारात

अमरोहा शहर में रविवार रात एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। दिल्ली से सीधे बैंक्वेट हॉल पहुंचा प्रेमी मंडप से दुल्हन को अपने साथ लेकर चला गया। खाना निपटने के बाद शादी समारोह में चल रहीं जयमाला संग दूसरी रस्मों की तैयारियां धरी की धरी रह गईं। दरअसल, प्रेमी जोड़ा पहले कोर्ट मैरिज कर चुका था। इसकी भनक लगने पर युवती के परिजन बदनामी से बचने के लिए बुलंदशहर से अमरोहा आकर दूसरे युवक के साथ उसकी शादी करा रहे थे। प्रेमी की एंट्री होने से आए फिल्मी टविस्ट से ऐनवक्त पर शादी का माहौल में हंगामा हो गया। कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट दिखाने और दुल्हन की प्रेमी के साथ जाने की मर्जी जानकर पुलिस भी मामले में कुछ नहीं कर सकी। इसके बाद बारात को बगैर दुल्हन बैरंग लौटना पड़ा।

मूलरूप से दुल्हन बुलंदशहर की निवासी थी। उसका दिल्ली में नौकरी करने वाले अपने शहर के ही निवासी एक युवक के साथ प्रेमप्रसंग चल रहा था। परिजनों से छिपकर एक साल पहले दोनों कोर्ट मैरिज भी कर चुके थे। वहीं, बेटी के प्रेमप्रसंग की भनक लगने पर परिजनों ने उसका रिश्ता अमरोहा शहर निवासी अपनी पसंद के युवक के साथ तय कर दिया। रविवार को उसकी शादी होनी थी। परिजनों का खतरा था कि अगर उन्होंने बुलंदशहर में शादी की तो बेटी का प्रेमी वहां पहुंचकर हंगामा कर सकता है लिहाजा उन्होंने शादी के लिए अमरोहा चुना और चुपचाप शहर में आकर बिजनौर रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल बुक कर दिया। बीते तीन दिन से परिवार के लोग बैंक्वेट हॉल में ही रुककर शादी की तैयारियों में जुटे थे। वहीं, युवती इस शादी का विरोध कर रही थी लेकिन परिजन उसकी बात मानने के लिए तैयार नहीं थे। रविवार रात बैंक्वेट हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात भी आ चुकी थी, खाना चल रहा था। बारात चढ़त के बाद जयमाला की तैयारी शुरू हो गईं। स्टेज पर बैठा दूल्हा दुल्हन के आने का इंतजार कर रहा था। लेकिन, इसके पहले ही वहां दुल्हन के प्रेमी की एंट्री हो गई। पुलिस को साथ देख शादी समारोह में हंगामा हो गया। प्रेमी ने कहा कि दुल्हन बनी बैठी युवती उसकी पत्नी है, दोनों की एक साल पहले कोर्ट मैरिज हो चुकी है। दुल्हन की पहली शादी का पता चलने पर दूल्हे समेत उसके परिजनों के चेहरे का रंग बदल गया। पुलिस ने जब दुल्हन से पूछा तो उसने बताया कि परिजन जबरन उसकी शादी करा रहे हैं, वह प्रेमी के साथ जाना चाहती है। इसके बाद प्रेमी भरे मंडप से दुल्हन को अपने साथ लेकर चला गया। फिल्मी स्टाइल में घटित घटना शहर की सुर्खियों में बनी है। वहीं, दुल्हन के जाने के बाद बारात बैरंग लौट गई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।