रास्ते में खड़ा था तेंदुआ, देखकर बेहोश हुआ मजदूर
Amroha News - अमरोहा, संवाददाता। शहर से सटे ग्रामीण इलाकों में बरकरार तेंदुए की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब नौगावां सादात क्षेत्र में अकबरपुर पट्टी मा

शहर से सटे ग्रामीण इलाकों में बरकरार तेंदुए की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब नौगावां सादात क्षेत्र में अकबरपुर पट्टी मार्ग पर तेंदुए को देखे जाने का दावा किया गया है। बाग से लौट रहा मजदूर रास्ते में खड़े तेंदुए को देख बेहोश हो गया। दस मिनट बाद होश आया तो वह सुरक्षित था जबकि तेंदुआ जंगल में जा ओझल हो चुका था। सूचना पर स्थानीय लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे लेकिन तेंदुआ फिर दिखाई नहीं दिया। वन अफसरों को सूचना दे दी गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वासुदेव नगर में विनोद का परिवार रहता है। वह पेशे से मजदूर है और आम के सीजन में बागों में रहकर फसल की रखवाली करने का काम करता है। गुरुवार रात भी विनोद रोजाना की तरह अकबरपुर पट्टी मार्ग पर एक बाग में रुका हुआ था। सुबह करीब साढ़े छह बजे वह अपने घर वापस लौट रहा था। बताया जा रहा है कि गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ ही दूरी पर खड़े तेंदुए को देख उसके होश उड़ गए। सड़क सूनसान थी, मदद के लिए दूर तक कोई नजर नहीं आया। खुद को घिरा हुआ मानकर चीखा विनोद बेहोश होकर वहीं झाड़ियों के बीच जमीन पर गिर पड़ा। करीब दस मिनट बाद होश में आने पर खुद को सुरक्षित पाकर विनोद ने राहत की सांस ली। तब तक तेंदुआ जंगल की ओर जा चुका था। इसके बाद बाग में पहुंचे विनोद ने मजदूरों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। लाठी-डंडे लेकर मजदूर उसी स्थान पर पहुंच गए, जहां तेंदुए को देखा गया था। मजदूरों ने जंगल में काफी तलाश किया लेकिन तेंदुआ कहीं नहीं दिखाई दिया। वन अफसरों को मामले की सूचना दे दी गई है। वन अधिकारियों ने मामले में जांच कराए जाने की बात कही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।