डीएम से मदद की उम्मीद में अंबेडकर नगर से दौड़ी आई रेसलर बिटिया
Bareily News - आंबेडकर नगर की रेसलर बिटिया आयशा ने नवागत डीएम अविनाश सिंह से आर्थिक मदद की गुहार लगाई। कोरोना महामारी ने उसके पिता को खोने और मां की बीमारी के बावजूद, आयशा ने कुश्ती जारी रखी और ओपन स्टेट प्रतियोगिता...

नवागत डीएम अविनाश सिंह से मदद की उम्मीद में आंबेडकर नगर से रेसलर बिटिया आयशा बरेली दौड़ी चली आई। आयशा ने डीएम को आर्थिक तंगी के बारे में जानकारी दी। प्रैक्टिस में आ रही दिक्कतों के बारे में बताया। आयशा ने डीएम से आंबेडकरनगर में नौकरी की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई। डीएम ने तुरंत आंबेडकर नगर के वरिष्ठ अधिकारी से बात की। खिलाड़ी की मदद करने को कहा। गरीबी और तंगी हाली में आयशा की परवरिश हुई है। कोरोना महामारी ने आयशा के पिता को निगल लिया। मां भी बीमार हैं। ऐसी हालात में भी आयशा ने कुश्ती को जारी रखा। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। फरवरी में आंबेडकर नगर में हुई ओपन स्टेट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल किया। तत्कालीन डीएम अविनाश सिंह ने आयशा का हौसला बढ़ाने के लिए इनाम में स्कूटी दी थी। ताकि उसको स्टेडियम आने-जाने में कोई दिक्कत न हो। जलालपुर के गांव पक्खनपुर की बेटी आयशा कुश्ती के दांवपेच सीखने के लिए दिल्ली चली गई। किराए का कमरा लेकर रहने लगी। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में प्रैक्टिस शुरू कर दी। आर्थिक तंगी से गुजर रही आयशा का हौसला टूट रहा है। एक दिन पहले आयशा आंबेडकर नगर में डीएम से मिलने पहुंची तो उसको बरेली ट्रांसफर होने के बारे पता चला। गुरुवार को ट्रेन में बैठकर आयशा बरेली चली आईं। डीएम अविनाश सिंह को अपनी स्थिति के बारे में जानकारी दी। डीएम ने आयशा को मदद का भरोसा दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।