बभनान में रेलवे ओवरब्रिज के लिए विधायक ने की पहल, सीएम को भेजा पत्र
Basti News - बस्ती के नगर पंचायत बभनान में लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। विधायक कप्तानगंज कवींद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इसकी मांग की है। ओवरब्रिज...

बस्ती। नगर पंचायत बभनान कस्बे में जाम की समस्या से परेशान लोगों को निजात दिलाने को यहां रेलवे ओवरब्रिज बनाने के लिए पहल हुई है। घंटों जाम में फंसकर समय बर्बाद करने वाले लोगों को इससे राहत मिलेगी, इसके लिए विधायक कप्तानगंज कवींद्र चौधरी अतुल ने पहल की है। यहां रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हो इसके लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। बभनान कस्बे के रेलवे ओवरब्रिज संख्या-222-ए पर पुल नहीं होने से यहां जाम के साथ ही हादसे का डर हमेशा बना रहता है। स्थानीय नागरिक हो या फिर व्यापारी चाहे हो छात्र-छात्राएं हर किसी ने बभनान में रेलवे ब्रिज बनाने की मांग कर चुके हैं। बभनान में ओवरब्रिज और अन्य समस्याओं पर ‘हिन्दुस्तान ने ‘बोले बस्ती अभियान के तहत पांच अप्रैल को खबर प्रकाशित किया था। जिसके क्रम में विधायक कप्तानगंज कवींद्र चौधरी अतुल ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए पहल की। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर यहां जल्द ओवरब्रिज निर्माण के लिए मांग की है। हिन्दुस्तान की इस पहल को बभनान के लोगों ने सराहा है। बता दें कि बभनान बाजार मुख्य कस्बे में शुमार है। कस्बे से बस्ती ही नहीं गोंडा, बलरामपुर समेत सैकड़ों गांवों का जुड़ाव है। इस लिहाज से आसपास के लोग यहां से सफर करते हैं। इस कस्बे में चारों ओर से लोग आते हैं और बभनान कई मार्ग जुड़े हैं। ओवरब्रिज नहीं होने से रेलवे गेट को पार करना मुसीबत से कम नहीं है। ओवरब्रिज नहीं होने के कारण लोगों को एक-दूसरे सड़क पर जाने के लिए इंतजार करना पड़ता है। कभी-कभी हादसा भी हो जाता है। अक्सर बड़े वाहन ट्रैक पर फंस जाते हैं। गन्ना लदे ट्रक अक्सर फंस जाते हैं। इससे जाम की स्थिति हमेशा बनी रहती है। लोगों ने कहा था कि यदि यहां ओवरब्रिज बन जाए तो तमाम हादसे और जाम की समस्या कम हो जाएगी। ओवरब्रिज बनने से व्यापार के साथ ही अन्य सुविधाएं भी बढ़ जाएंगी। विधायक कप्तानगंज कवींद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा है कि बभनान बड़ा बाजार है। नगर पंचायत भी है। यहां से कई जिलों का जुड़ाव भी होता है। जाम के नाते तमाम परेशानियां होती हैं। लिहाजा, यहां ओवरबिज बनाकर यहां आवागमन सुगम किया जाए। इससे मरीजों की परेशानी कम होगी, एंबुलेंस आदि की सुविधा भी जल्द मिलेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।