Unprecedented Heat Wave Hits India April Temperature Soars to 40 C शुरूआती दौर में ही गर्मी ने पांच वर्षों का तोड़ा रिकॉर्ड, Basti Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsBasti NewsUnprecedented Heat Wave Hits India April Temperature Soars to 40 C

शुरूआती दौर में ही गर्मी ने पांच वर्षों का तोड़ा रिकॉर्ड

Basti News - बस्ती और कप्तानगंज में अप्रैल माह की शुरुआत से ही गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है, जो पिछले पांच सालों का रिकॉर्ड है। गर्म हवाएँ और चिलचिलाती धूप...

Newswrap हिन्दुस्तान, बस्तीWed, 9 April 2025 06:54 AM
share Share
Follow Us on
शुरूआती दौर में ही गर्मी ने पांच वर्षों का तोड़ा रिकॉर्ड

बस्ती/कप्तानगंज, हिन्दुस्तान टीम। उफ इतनी गर्मी अभी से। आने वाले दिनों में क्या होगा। यह सोचकर हर आदमी परेशान हो रहा है। अप्रैल माह की शुरूआत से ही मौसम ने आग उगलना शुरू कर दिया है। साथ चल रही गर्म हवाओं ने मई-जून वाली गर्मी का अहसास अभी से कराना शुरू कर दिया है। तापमान का पारा अगर इसी रफ्तार से ऊपर चढ़ा तो मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। चिलचिलाती धूप से कामकाजी लोग व स्कूली बच्चे सबसे अधिक हलकान हो रहे हैं। आंकड़ों की बात करें तो अप्रैल के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान का बीते पांच साल का रिकॉर्ड भी टूट गया। इस अवधि में 40 डिग्री तक पारा नहीं पहुंचा था। जबकि इस वर्ष छह अप्रैल को ही 40 डिग्री सेल्सियस के पारा अधिकतम तापमान पहुंच गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 2024 व 2023 में अप्रैल माह में सबसे गर्म दिन 17 अप्रैल रहा था, तब अधिकतम पारा 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जबकि 2020 में 16 अप्रैल को अधिकतम पारा 39.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था। मंगलवार को भी तापमान का अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सुबह से ही बढ़ जा रही गर्मी

तापमान के अधिकतम पारे के साथ ही न्यूनतम पारा भी ऊपर चढ़ रहा है। मंगलवार की सुबह न्यूनतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के सात बजते-बजते मौसम गर्म होना शुरू हो जा रहा है। स्कूली बच्चों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के वक्त थोड़ी राहत मिलने के बाद दिन में छुट्टी के समय से धूप की तल्खी व गर्म हवाओं के बीच बच्चों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। कामकाजी लोग भी दिन के वक्त मुंह व चेहरा पूरी तरह पैक करके ही सड़कों पर निकल रहे हैं। बाजार में भी दिन के वक्त चहल-पहल पर गर्मी का असर दिखने लगा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।