ईडी के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, नारेबाजी, हंगामा
Bulandsehar News - बुलंदशहर में कांग्रेसियों ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल करने के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने कलक्ट्रेट गेट के सामने धरना दिया और पुलिस के साथ नोकझोंक भी की।...

बुलंदशहर। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल करने के विरोध में बुधवार को कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट गेट के सामने धरना दिया, नारेबाजी की। कलक्ट्रेट के गेट पर चढ़ने को लेकर पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट कहा कि देश पर दो दो प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी बलिदान करने वाले परिवार पर भाजपा और आरएसएस षडयंत्र के तहत फर्जी आरोप लगा रही है और उन्हें बदनाम कर रही है। उन्होंने कहा कि ईडी भाजपा का कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है जो लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा, भारत जोड़ो न्याय यात्रा से देश में उपजे कांग्रेस पार्टी के प्रति विश्वास को न रोक पाने की खीझ है। देश के कमजोरों, वंचितों- उपेक्षितों के अधिकार के लिए हर रोज संघर्ष कर रहे नेता विपक्ष राहुल गांधी को डराने का कुत्सित प्रयास है। ईडी की कार्रवाई मोदी और भाजपा की हताशा का परिणाम है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी ने कहा कि गांधी परिवार, हमारा नेतृत्व, हमारे नेता इन घुड़की कार्रवाइयों से डरने-झुकने वाले नहीं है। हम बापू, सरदार पटेल और अंबेडकर के अनुयायी हैं। कहा कि हर जुल्म का डटकर संघर्ष करेंगे। वरिष्ठ नेता ज्ञानेंद्र राघव ने कहा कि आने वाले समय में सत्य की जय होगी। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, सुभाष गांधी, प्रशांत वाल्मीकि, मुनीर अकबर, ज्ञानेंद्र राघव, सलाम खान, लक्ष्मी नारायण शर्मा, शकील अहमद, नईम मंसूरी, पौरुष शर्मा, शहर अध्यक्ष रवि लोधी, सचिन वशिष्ठ, हर्षवर्धन वाल्मीकि, आदर्शदेव शर्मा, किशन चौधरी आदि मौजूद रहे।
-------------
आसिफ खान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।