किसान ने नायब तहसीलदार दफ्तर में अपने ऊपर उड़ेला पेट्रोल
Bulandsehar News - शिकारपुर तहसील में किसान गोलू त्यागी ने नायब तहसीलदार कार्यालय में सुनवाई न होने पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। आरोप है कि प्रशासन ने आरोपी पक्ष के साथ मिलकर उसकी फसल को काटने की...

शिकारपुर तहसील में नायब तहसीलदार के कार्यालय में सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए किसान ने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह पेट्रोल की बोतल छीनकर किसान की जान बचाई। किसान ने लेखपाल सहित अन्य अधिकारियों पर आरोपियों से साठगांठ का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। एक आरोपी होमगार्ड बताया जा रहा है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है, हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। बताया जाता है कि शिकारपुर क्षेत्र के गांव करीरा में दो लोगों का जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पीड़ित गोलू त्यागी ने बताया कि उसकी संपत्ति पर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा है। न्यायालय द्वारा इसमें स्टे दिया गया है। आरोप है कि तहसील प्रशासन और पुलिस से साठगांठ कर आरोपियों ने विवादित खेत में खड़े गेहूं की फसल को काटने के लिए मशीन लगा दी। जिसकी शिकायत उसने अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने गेहूं की फसल काटने का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद मौके पर आरोपी पक्ष के कुछ लोग और भी आ गए जिनमें एक होमगार्ड भी शामिल था। शिकायत करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित किसान ने बताया कि मामले की शिकायत अधिकारियों से की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए सोमवार को किसान बोतल में पेट्रोल लेकर नायब तहसीलदार के कार्यालय पहुंच गया। वहां उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने पीड़ित से पेट्रोल की बोतल छीन कर किसी तरह उसे समझाया। इस दौरान तहसील में अफरातफरी का माहौल बन गया।
चकरोड खुलवाने को तहसील के चक्कर काट रहा किसान
पीड़ित गोलू त्यागी ने बताया कि आरोपी पक्ष के लोग उसे आए दिन धमकी देते चले आ रहे हैं। आरोपियों ने एक खेत की चक मार्ग को भी अवरुद्ध कर रखा है। जिसे खुलवाने के लिए पीड़ित लगातार अधिकारियों के दफ्तर के चक्कर काट रहा है। आरोप है कि एक लेखपाल ने दूसरे पक्ष के लोगों से साठ गांठ कर रखी है और उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।
कोट -
पुरानी रंजिश के चलते किसानों का आपसी विवाद बताया जा रहा है। दफ्तर के बाहर पेट्रोल उड़ेलने की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।
-दीपक कुमार पाल, एसडीएम शिकारपुर
दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा है। जमीन के विवाद में पुलिस बगैर तहसील प्रशासन के सीधा हस्तक्षेप नहीं कर सकती। पुलिस के पास शिकायत नहीं की गई। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-चंदगीराम यादव, प्रभारी निरीक्षक शिकारपुर कोतवाली
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।