मेरा दिल पोप से प्यार करने वालों के लिए दुखी है : वेन्स
अमेरिकी उप राष्ट्रपति जे.डी.वेन्स ने पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका दिल पोप से प्यार करने वाले लाखों लोगों के लिए दुखी है। वेन्स ने भारत यात्रा के दौरान पोप से मुलाकात...

नई दिल्ली, एजेंसी अमेरिकी उप राष्ट्रपति जे.डी.वेन्स ने पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका दिल उन लाखों लोगों के लिए दुखी है जो पोप से प्यार करते थे।
वेन्स अपनी चार दिवसीय यात्रा पर सोमवार को भारत पहुंचे हैं। एक दिन पहले ही ईस्टर के मौके पर उन्होंने पोप के आवास पर जाकर उनसे निजी मुलाकात की थी और ईस्टर की शुभकामनाएं दीं थीं।
सोशल मीडिया ‘एक्स पर वेन्स ने लिखा कि वह ईस्टर रविवार पर पोप से मिलकर बेहद खुश थे हालांकि उनकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब थी। उन्होंने कहा कि अभी उन्हें पोप के निधन की खबर मिली जिसे सुनकर उनका दिल उनसे से प्यार करने वाले लाखों लोगों के लिए दुखी है।
वेन्स ने आगे लिखा कि वह उन्हें कोविड के शुरुआती दिनों में दिए गए उनके उपदेशों के लिए हमेशा याद रखेंगे। वह वास्तव में बहुत सुंदर थे। वेन्स ने भारत आने से ठीक पहले वेटीकन का दौरा किया था जहां उन्होंने निधन से कुछ घंटों पहले ही पोप से मुलाकात की थी।
पोप की करुणा व प्रतिबद्धता उनका कार्यकाल परिभाषित करती है
केंद्रीय विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने भी पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि एक बेहतर विश्व के निर्माण के लिए पोप की प्रतिबद्धता व करुणा उनके कार्यकाल को परिभाषित करती है। उन्होंने कहा कि वह उनके निधन से दुखी हैं।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह मानवता के प्रति उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए याद किए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।