बुलंदशहर : मुठभेड़ में अलीगढ़ के चार बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
Bulandsehar News - नरौरा पुलिस ने स्वाट टीम की मदद से अलीगढ़ के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ। सभी बदमाश हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध असलहा,...

नरौरा/ बुलंदशहर। नरौरा पुलिस ने स्वाट टीम की मदद से बाइक सवार अलीगढ़ के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है। सभी बदमाश हिस्ट्रीशीटर हैं और कई थानों में इनके खिलाफ दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार रात नरौरा पुलिस स्वाट टीम के साथ रामघाट बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चला रही थी। रामघाट की ओर से दो बाइक पर संदिग्ध लोग आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने इनको रुकने को कहा तो दोनों बाइकों पर सवार लोग भाग लिए। संदिग्ध जानते हुए पुलिस ने इनका पीछा किया और निवाड़ी बांगर के सामने हजारा नहर की ओर उनकी घेराबंदी कर दी। इस पर उन्होंने पुलिस पर फायर करना शुरू कर दिया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। फिर पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों को भी धर दबोचा। चारों बदमाशों में घायल बदमाश की पहचान हरेन्द्र पुत्र महिपाल निवासी ग्राम नरऊ थाना विजयगढ़ जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। जबकि अन्य तीन बदमाशों की पहचान योगन्द्र पुत्र महिपाल, योगेन्द्र पुत्र तिलक सिंह निवासी ग्राम नरऊ थाना विजयगढ़ जनपद अलीगढ़ और कार्तिक पुत्र कल्याण सिंह निवासी ग्राम गांगरौल थाना विजयगढ़ जनपद अलीगढ़ के रुप में हुई है।
सभी बदमाश हिस्ट्रीशीटर, दर्जनों मामले दर्ज
नरौरा थाना प्रभारी राम नारायण सिंह ने बताया कि घायल बदमाश हरेंद्र का जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। सभी बदमाशों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, चाकू, नकदी, मोबाइल फोन, आठ एटीएम कार्ड सहित दो बाइक बरामद हुई हैं जबकि चारों बदमाश हिस्ट्रीशीटर हैं। उनके खिलाफ अलीगढ़, बुलंदशहर जनपदों में कई मामले दर्ज हैं। मोबाइल और एटीएम कार्ड चोरी के कई मामलों का खुलासा हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।