फालोअप: गंगा नहर में डूबीं दोनों सगी बहनों का शव बरामद
Chandauli News - महेवां के पास बड़ी गंगा नहर में स्नान करने गई दोनों बहने बीते सोमवार को डूब गईं थींमहेवां के पास बड़ी गंगा नहर में स्नान करने गई दोनों बहने बीते सोमवा

नियामताबाद, हिन्दुस्तान संवाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवां गांव के समीप नरायनपुर पंप कैनाल से निकली बड़ी गंगा नहर में नहाते समय सोमवार की दोपहर डूबी दोनों बहनों का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर मंगलवार की भोर में करीब तीन बजे मिला। दोनों शवों को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। अलीनगर वार्ड नंबर तीन निवासी पन्ना बनवासी की पुत्री 20 वर्षीया अनीता और नौ वर्षीय संगीता सहित परिवार की आधा दर्जन लड़कियां महेवा के पास बड़ी नहर में नहाने के लिए सोमवार की दोपहर गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय संगीता का पैर फिसल गया था।
इससे वह गहरे पानी में डूबने लगी थी। उसे बचाने के लिए उसकी बड़ी बहन अनीता भी पानी में चली गई थी। इस दौरान वह भी डूबने लगी। नहर में अत्यधिक पानी होने के कारण कोई गहरे पानी में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। साथ में नहा रहे परिवार के अन्य लड़कियां भी शोरगुल मचाने लगी थी। जो भाग कर घर पहुंचीं। जहां उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दिया। परिजनों ने इसकी सूचना अलीनगर पुलिस को दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों को खोजने में जुटी थी लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मौके पर एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई लेकिन नहर में अत्यधिक पानी होने के कारण उन्हें खोज पाना मुश्किल था। नहर में पानी के बहाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग को सूचना दी गई। पूरी रात पुलिस और एनडीआरएफ की टीम दोनों को खोजने में लगी रही। देर रात बाद जब नहर में पानी कम हुआ तो दोनों का शव घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे मिला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों शव मिल गए हैं। पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।