जिले में छः करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं की मिली स्वीकृति
Deoria News - देवरिया जिले में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कुल लगभग 6 करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं की स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत प्राचीन मंदिरों का विकास कार्य किया जाएगा। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस...

देवरिया, निज संवाददाता। जिले में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में माननीयों के प्रस्ताव पर कुल लगभग छः करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं की शासन से स्वीकृति मिली है। स्वीकृत धनराशि से कुल छः स्थानों पर पर्यटन विकास कार्य होंगे। सभी पर्यटन परियोजनाओं का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा कराया जाएगा। रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया के प्रस्ताव पर विशुनपुरा बाजार स्थित प्राचीन विष्णु मंदिर पर 1 करोड़ 3 लाख 33 हजार की लागत से पर्यटन विकास कार्य कराए जाएंगे। जबकि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के प्रस्ताव पर गौरी बाजार के पथरहट स्थित प्राचीन शिव मंदिर का पर्यटन विकास कार्य कराया जाएगा। इसके लिए शासन से 1 करोड़ एक लाख 16 हजार की स्वीकृति मिली है। इसी प्रकार कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के प्रस्ताव पर पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के हेतिमपुर में स्थित राम जानकी मंदिर का सौंदर्य कारण एवं पर्यटन विकास कार्य कराए जाने की स्वीकृति मिली है। इसके निर्माण कार्य पर कुल एक करोड़ 7 लाख 93 हजार रुपए खर्च होंगे। कृषि मंत्री के ही प्रस्ताव पर कोटवा में बावन मोर्चा दुर्गा स्थल पर पर्यटन विकास कार्य हेतु 97 लाख 20 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। वही विधान परिषद सदस्य डॉक्टर रतनपाल सिंह के प्रस्ताव पर रुद्रपुर में करमैल माता मंदिर पर पर्यटन विकास कार्य होगा। इसके लिए 96 लाख 20 हजार की धनराशि स्वीकृत हुई है। बरहज विधायक दीपक मिश्र शाका के प्रस्ताव पर बारीपुर स्थित हनुमान मंदिर पर पर्यटन विकास के लिए 97 लाख 30 हजार की स्वीकृति हुई है। जिले में विभिन्न स्थानों पर स्थित मंदिरों पर पर्यटन विकास के लिए मिल स्वीकृत हुई इस धनराशि से पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।