गरज तड़प के साथ हुई झमाझम बारिश, फसलों को नुकसान
Deoria News - गुरूवार को हुई बेमौसम की बरसात ने देवरिया में गेहूं की फसल और ईट भट्ठों को भारी नुकसान पहुँचाया। तेज बारिश और हवा के कारण कई जगहों पर गेहूं की फसल गिर गई, जिससे कटाई में कठिनाई होगी। ईट भट्ठों को भी...

देवरिया, निज संवाददाता। गुरूवार को गरज- तड़प के साथ झमाझम बरसात हुई। बरसात के चलते गेहूं की कटाई पर ब्रेक लग गया। तेज हवा के साथ बरसात से कई जगहों पर गेहूं की फसल गिर गयी। इससे उसकी कटाई मुश्किल हो जायेगी। कुछ जगहों पर काट कर रखा डंठल और कटाई के बाद रखा गेहूं भींग गया। पूरे दिन काले बादल छाये रहे और रूक-रूक क बूंदाबांदी होती रही। इससे किसानों को ओला पड़ने की चिंता सताने लगी है। हालांकि बरसात होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया।
पिछले कुछ दिनों तेज धूप हो रहा था। धीरे-धीरे गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा। गुरूवार की सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में चारो तरफ काले बादल छा गये। दोपहर में गरज- तड़प के साथ बरसात होने लगी। करीब डेढ़ घंटे तक झमाझम बरसात हुई। बेमौसम की बरसात के साथ हवायें चलने से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ। कई जगहों पर गेहूं की फसल धाराशायी हो गयी। फसल गिरने से उसकी कटाई मुश्किल होने के साथ पैदावार भी कम हो जायेगी। बरसात के चलते खेत में काटा गया डंठल और कटाई के बाद खुले में रखा गेहूं भींग गया। पूरे दिन आसमान में काले बादल छाये रहे और रूक-रूक कर बरसात होती रही। इससे कुछ दिनों तक गेहूं की कटाई पर रूक जायेगी। मौसम का अचानक बदला रूख देख किसानों को ओला पड़ने की चिंता सताने लगी है। क्योंकि ओला पड़ने से किसानों के खून, पसीने की कमाई बर्बाद हो जायेगी। बरसात से गेहूं के साथ ही दलहनी, तिलहनी फसलों को नुकसान हुआ है। बरसात और हवा चलने से आम का टिकोरा भी गिर गया। इससे आम का पैदावार घट जायेगा।
बेमौसम बरसात से ईट भट्ठों को पांच करोड़ की क्षति
गुरूवार की दोपहर में बेमौसम की बरसात से जिले के ईट भट्ठों को काफी नुकसान हुआ है। पाथ कर सूखने को रखे गये कच्चे ईट बरसात में गलकर खराब हो गये। इससे प्रत्येक ईट भट्ठे को दो से तीन लाख रूपये का नुकसान हुआ है। अधिकांश जगहों पर ईट की पथाई कर खुले में सूखने को रखा गया था। पीक सीजन होने से कच्चे ईटों को सुरक्षित रखने को चट्टा भी नहीं लगाया गया था। जिले में पौने चार सौ ईट भट्ठे चलते हैं। बटुलही के भट्ठा मालिक मान सिंह उर्फ हण्डिल सिंह ने बताया कि प्रत्येक ईट भट्ठे को दो से तीन लाक्ष रूपये का कच्चा ईट बरसात से खराब हो गया है। बेमौसम की बरसात से जिले के भट्ठा मालिकों को करीब पांच करोड़ रूपये का नुकसान हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।