Badhiya Transforms into a Thriving Marketplace After DC Office and Police Line Establishment टास्क: पपरवाटांड़ में डीसी ऑफिस बनने से बदडीहा के विकास में आई तेजी , Gridih Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsBadhiya Transforms into a Thriving Marketplace After DC Office and Police Line Establishment

टास्क: पपरवाटांड़ में डीसी ऑफिस बनने से बदडीहा के विकास में आई तेजी

पपरवाटांड़ में डीसी ऑफिस और न्यू पुलिस लाइन के बनने के बाद बदडीहा का विकास तेजी से हुआ है। अब बदडीहा कई गांवों का मुख्य बाजार बन गया है, जहां 100 से अधिक दुकानें हैं। 20 साल पहले की तुलना में सुविधाएं...

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीहFri, 11 April 2025 05:44 AM
share Share
Follow Us on
टास्क: पपरवाटांड़ में डीसी ऑफिस बनने से बदडीहा के विकास में आई तेजी

अजय सिंह, गिरिडीह। जिला मुख्यालय से 5 किमी दूरी पर पपरवाटांड़ में लगभग 5 साल पहले डीसी ऑफिस का निर्माण हुआ है। इसी के पास एक दशक पहले न्यू पुलिस लाइन भी बनी है। पुलिस लाइन व डीसी ऑफिस बनने के बाद इलाके का तेजी से विस्तार हुआ। पपरवाटांड़ से बदडीहा तक का इलाका बाजार में तब्दील हो गया है। डीसी ऑफिस बनने के बाद पपरवाटांड़ में कई छोटी-बड़ी दुकानें खुलने से इलाके की रौनक बढ़ गई है। वहीं डीसी ऑफिस से एक किमी की दूरी पर स्थित बदडीहा अब आसपास के दर्जनों गांव का मिनी बाजार बन गया है। बदडीहा में बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक, हार्डवेयर, कपड़े, जूते-चप्पल समेत सभी तरह की दुकानें हैं। आलू, प्याज, मसाला समेत कई चीजों के यहां थोक विक्रेता भी हैं। गिरिडीह-डुमरी-रांची रोड में स्थित बदडीहा सेंटर प्लेस में है। इस कारण यहां खरीदारी के लिए 5 किमी एरिया से लोग पहुंचते हैं।

20 साल पहले सब्जी लाने के लिए भी जाना पड़ता था शहर

स्थानीय अशोक विश्वकर्मा ने बताया कि 20 साल पहले बदडीहा में सुविधा नहीं के बराबर थी। घर में गेस्ट आने पर हरी सब्जी लाने के लिए 7 किमी दूर शहर जाना पड़ता था। बदलते समय में सड़कों की कनेक्टिविटी बढ़ने, गिरिडीह-डुमरी रोड के पपरवाटांड़ में पुलिस लाइन, डीसी ऑफिस बनने के बाद इलाके का तेजी से विस्तार हुआ। बदडीहा में 100 से अधिक दुकानें हैं। जरुरत की सभी चीजें अब बदडीहा में ही मिल जाती है। सुविधाएं बढ़ने से बदडीहा में आसपास के कई गांवों के लोग घर बनाकर रहने लगे हैं। एक दशक में यहां की आबादी भी काफी बढ़ गई है।

कई गांवों का मुख्य बाजार है बदडीहा

बदडीहा के मनोज विश्वकर्मा ने बताया कि डेढ़ दशक पहले बदडीहा के लोगों को खरीदारी के लिए गिरिडीह शहर जाना पड़ता था। बदलते दौर में आसपास 20 से अधिक गांवों का मुख्य बाजार अब बदडीहा बन गया है। बताया कि गपैय, मंडाटांड़, टरसा, बरहमोरिया, अकदोनी, कोगड़ी, रोहनियाटांड़, बदगुंदा, कुबरी, झरना समेत कई गांवों के लोग खरीदारी के लिए बदडीहा आते हैं। बताया कि शादी विवाह के लिए बदडीहा में कई मैरेज हॉल बन गए हैं।

बदडीहा से कई गांव पक्की सड़क से जुड़ गए

स्थानीय लोग बताते हैं कि 15 साल पहले बदडीहा से आसपास के गांव आने जाने के लिए पक्की सड़क नहीं थी। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछ गया है। अकदोनी-बदडीहा, लखियोटांड़-बदडीहा, चेपो, बदगुंदा, गपैय से बदडीहा आने के लिए अब पक्की सड़क बन गई है। बताया कि सुविधाएं बढ़ने से एक दशक में बदडीहा की आबादी 7 हजार के करीब बढ़ गई है। डेढ़ दशक पहले जहां आबादी 3 हजार के करीब थी, अभी 10 हजार के करीब है। बदडीहा व आसपास सैकड़ों नए घर मकान बन गए हैं। एक दशक पहले की तुलना में बदडीहा में जमीन की कीमत 20 गुणा तक बढ़ गई है।

क्या क्या हैं समस्याएं

1. बदडीहा में नहीं है हाई स्कूल, मवि को हाई स्कूल में अपग्रेड करने की मांग

2. एक भी उप स्वास्थ्य केद्र नहीं, इलाज के लिए जाना पड़ता है 7 किमी दूर सदर अस्पताल

3. बदडीहा में नहीं है खेल मैदान, आसपास क्षेत्र के खिलाड़ियों को होती है दिक्कत

4. धीरे धीरे बढ़ती गई आबादी पर नहीं है पार्क की सुविधा, बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं को दिक्कत

5. बदडीहा व आसपास में लगे जलमीनारों से नहीं मिलता है नियमित पानी

क्या क्या है सुविधाएं

1. बदडीहा से एक किमी की दूरी पर है डीसी ऑफिस

2. हजारीबाग, रामगढ़, रांची के लिए बदडीहा से ही बस की मिल जाती है सुविधा

3. बढ़ गई है बिजली की सुविधा, औसतन 22 घंटे होती है बिजली की आपूर्ति

4. गिरिडीह शहर जाने के लिए है चकाचक सड़क, 10 मिनट में शहर पहुंच जाते हैं लोग

5. जरुरत की सभी चीजें मिल जाती है बदडीहा के बाजार में

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।