मेरठ में कूड़ा गाड़ी को लेकर भाजपा पार्षद और निगम कर्मचारियों में विवाद, मारपीट के बाद चलीं गोलियां
- मेरठ में गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे नगर निगम के सूरजकुंड डिपो में कूड़ा गाड़ी को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में भाजपा पार्षद रविंद्र से किसी बात को लेकर कर्मचारियों की कहा सुनी हो गई।

यूपी के मेरठ में गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे नगर निगम के सूरजकुंड डिपो में कूड़ा गाड़ी को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में भाजपा पार्षद रविंद्र से किसी बात को लेकर कर्मचारियों की कहा सुनी हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों और पार्षद में मारपीट की नौबत आ गई। इस बीच भाजपा पार्षद ने गोली चला दी। गोली चलने की इस घटना में नगर निगम का वाहन चालक भी घायल हो गया। गोली चलते ही सूरजकुंड डिपो और आसपास में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने भी गेट बंद कर पार्षद की जमकर पिटाई कर दी। थोड़ी ही देर में पुलिस की कई गाड़ियां और नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अब मौके पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ,अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, लवी त्रिपाठी और अन्य अधिकारी जांच पड़ताल में जुटे हैं। कर्मचारियों ने कहा है कि पार्षदों की मनमनी नहीं चलने दी जाएगी। उधर पार्षद भी इस घटना को लेकर आक्रोशित हैं।
कूड़ा गाड़ी को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद
वैसे नगर निगम में कूड़ा गाड़ी को लेकर करीब 2 महीने से विवाद चल रहा है। इसी कारण से नगर निगम ने डोर टू डोर कलेक्शन करने वाली बीवीजी की कंपनी को निलंबित कर दिया था। बाद में दबाव में आकर बीबीजी को 3 महीने की मोहलत देकर ऑपरेशन शुरू किया गया ।इस बीच में कूड़ा गाड़ी को लेकर हर वार्ड में विवाद की स्थिति हो रही है ।अब यह नौबत गोली चलने तक आ गई।