लखनऊ में कचहरी के पास अधिवक्ताओं के बीच हुई फायरिंग, 2 वकीलों को लगी गोली
यूपी की राजधानी लखनऊ में कचहरी के पास शनिवार रात अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच फायरिंग हुई। दो वकील गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

लखनऊ में कचहरी के पास बने चैम्बर में शनिवार रात को अधिवक्ताओं के दो गुटों में संघर्ष हुआ। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने फायरिंग की। दो वकील गोली लगने से घायल हो गए। संघर्ष की सूचना पर वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक साथी अधिवक्ता घायलों को केजीएमयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बनी हुई है।
शनिवार देर रात अधिवक्ता दिलीप सिंह के चैम्बर में उनके रिश्तेदार अम्बिका सिंह उर्फ डब्बू सिंह बैठे थे। आरोप है कि इस दौरान मलिहाबाद निवासी अधिवक्ता साकिब हसन कुछ लोगों के साथ चैम्बर में आकर गाली गलौज करने लगे। जिसे लेकर विवाद शुरू हुआ। झगड़े के दौरान साकिब और अम्बिका के पक्ष से आए लोगों में मारपीट हुई। जिसके बाद फायरिंग होने लगी। गोली अम्बिका सिंह और साकिब को लगी। दोनों खून से लथपथ होकर गिर पड़े। साथी वकीलों ने दोनों को केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक अम्बिका के कंधे और साकिब के गर्दन के पास गोली लगी है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
छह महीने पहले भी हुआ था विवाद
इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश मणि त्रिपाठी के मुताबिक साकिब और अम्बिका के बीच पूर्व से विवाद होने की बात सामने आई है। करीब छह माह पूर्व भी झगड़ा हुआ था। इस रंजिश के कारण ही फायरिंग की गई। दोनों ही पक्षों ने अपनी बात कही है। शनिवार रात विवाद कैसे शुरू हुआ। इसके बारे में पुख्ता जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल घायलों का उपचार चल रहा है। उनकी तरफ से मिलने वाली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
फायरिंग होने से मचा हड़कंप
रेजीडेंसी के पास शनिवार रात अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद में गोली चलने से हडकंप मच गया। वारदात की सूचना पाकर बड़ी संख्या में दोनों पक्ष की तरफ से अधिवक्ता केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां जमकर हंगामा हुआ। तनाव को देखते हुए वजीरगंज के साथ चौक पुलिस भी मौके पर पहुंची।