आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष मुहिम आज से
छपरा में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 26 से 28 मई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने सभी प्रखंडों को 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया है। इस दौरान जरूरतमंद लोगों को कार्ड बनाने में मदद...

वसुधा केंद्र के अलावा खुद के मोबाइल से भी बन सकता है कार्ड तीन दिन के विशेष अभियान में अधिक से अधिक कार्ड बनाने का लक्ष्य हरेक प्रखंड को 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का मिला टास्क छपरा ,नगर प्रतिनिधि। जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए सोमवार से तीन दिन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। 26 से 28 मई तक चलने वाले इस अभियान की सफलता के लिए डीएम अमन समीर ने जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को विशेष दिशा- निर्देश जारी कर निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि इस अभियान के दौरान अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है, ताकि आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ सभी योग्य लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके।
साथ ही 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड भी प्रदान किया जाना है। इसके लिए पंचायत के वसुधा केंद्र तक योग्य लाभुकों को लाकर उनका कार्ड बनवाया जाना चाहिए। इसमें कार्यपालक सहायक के अलावा पंचायत विकास मित्र और आशा को मदद करना होगा। महादलित टोलों में छूटे परिवारों को भी इसका शत-प्रतिशत लाभ देना है। उन्होंने बताया कि कोई भी लाभुक मोबाइल फोन से स्वयं आयुष्मान कार्ड बना सकता है। साथ ही पहले से योजना से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत वय वंदन कार्ड के लिए केवाईसी कराने में मदद करनी है।डीएम ने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले मेंजिले में 27 लाख 61 हजार 472 लाभार्थियों का कार्ड बनाने का लक्ष्य विभाग ने तय किया है। अब तक 12 लाख 32 हजार 472 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। वहीं अब तक 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 7406 लाभार्थियों का कार्ड बन चुका है।तीन दिन के विशेष अभियान में लक्ष्य की प्राप्ति के लिये प्रत्येक प्रखंड को लक्ष्य निर्धारित कर टास्क पूरा करने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने अपने-अपने प्रखंड में नोडल पदाधिकारी नामित किये। वे बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक जीविका, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आदि के साथ समन्वय बनाते हुए इसे पूरा करेंगे।राशन कार्ड में अंकित हर सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनेगा। 70 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाया जाएगा। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए राशन कार्ड होना जरूरी है। आयुष्मान वय वंदना कार्ड के लिए केवल आधार कार्ड होना जरूरी है। डीएम ने कहा कि इन कार्डों पर 5-5 लाख रुपए का मुफ्त इलाज सभी सरकारी अस्पतालों और चयनित निजी अस्पतालों में कराया जा सकता है। आयुष्मान कार्ड पंचायत सरकार भवन, आंगनवाड़ी केंद्र, जनवितरण प्रणाली केंद्र, वसुधा केंद्र और महिला संवाद स्थलों में बनाया जा सकता है। मालूम हो कि आयुष्मान कार्ड और आयुष्मान वय वंदना कार्ड पर इलाज करने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है। जिले के कुछ निजी अस्पतालों का भी पंजीकरण आयुष्मान के लिये किया गया है। जहां मरीज कार्ड पर इलाज करा सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।