हाईवे पर बेरोकटोक दौड़ रहे भारी वाहन
Gangapar News - गौहनिया, हिन्दुस्तान संवाद। गौहनिया में नो एंट्री में भी हाईवा और डंपर सड़कों पर बेखौफ
गौहनिया में नो एंट्री में भी हाईवा और डंपर सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। इनका समय निर्धारित है, लेकिन साठगांठ के खेल में इनको छूट मिली हुई है। मुख्य मार्ग से आवागमन पर रोक लगने पर वे रीवा बांदा राजमार्ग से मुख्य चौराहे से जाने वाले रास्तों से आवाजाही कर रहे हैं। ऐसे में चौराहे के रास्ते पर निकलने वाले छोटे वाहनों को खतरा रहता है। जानकारी होते हुए भी पुलिस इनका चालान नहीं काटती है। ज्यादातर वाहन गौहनिया चौकी चौराहा की ओर से बालू और गिट्टी लेकर आते हैं। बाइपास के पास वे हाईवे से गौहनिया के भीतर आने वाले छोटे मार्गों से प्रवेश करते हैं।
वहां उनकी जांच नहीं होती है। पुलिस जांच भी करती है तो बाजार के बाहर नोएंट्री प्वॉइंट पर। इधर मऊ चित्रकूट लेकर डम्पर और हाइवा गौहनिया बाजार में घुसते हैं। वे गौहनिया करमा मार्ग का भी इस्तेमाल करते हैं। यहां के पुलिस कर्मी भी कोई रोकटोक नहीं करते। ऐसे में वाहन चालकों को खुली छूट मिल जाती है। उन्हें लोगों की जान की कोई फिक्र नहीं होती है। पुलिस की कार्रवाई में ढिलाई बरते जाने के कारण वे लापरवाही बरतने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भारी वाहनों से दुर्घटना की आशंका रहती है। वे हाईवे पर रफ्तार से गाड़ी दौड़ाते हैं। लेकिन नियमों का उल्लंघन खुले आम किया जाता है। वाहनों में सबसे ज्यादा भरतकूप गिट्टी और बालू का परिवहन होता है। इन वाहनों को भीड़भाड़ वाले इलाके और मुख्य चौराहे में चलाना खतरनाक होता है। इनकी तेज रफ्तार के कारण कई हादसे हो चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।