बघला टोंस को यमुना से जोड़ने की संभावनाओं पर करें विचार
Gangapar News - शंकरगढ़ ब्लॉक में बघला बांध टोंस एवं नहरों का जल शक्ति मंत्री ने किया औचक
प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को शंकरगढ़ विकास खंड के बघला टोंस क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर जल प्रबंधन व्यवस्था का जायज़ा लिया। निरीक्षण के बाद मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टोंस में जलस्तर की स्थिति का अवलोकन किया और क्षेत्रीय नहरों में जल आपूर्ति की संभावनाओं पर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिन नहरों की स्थिति जर्जर हो चुकी है, उन्हें जल्द दुरुस्त किया जाएगा और इसकी पूरी लागत सरकार वहन करेगी। उन्होंने मिश्रा पुरवा नहर का भी निरीक्षण किया एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बघला टोंस को यमुना से जोड़ने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाए एवं बारिश के पानी को संग्रहित करने की योजना पर कार्य किया जाए, जिससे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उनका काफिला बड़े देवन मंदिर के पास से गुजर रहा था, तभी सड़क किनारे भोजन बना रहे एक पुजारी को देखकर मंत्री ने काफिला रुकवाया और उनसे बातचीत कर उनका हालचाल जाना। विधायक करछना पीयूष रंजन ने बताया कि क्षेत्र में पानी की समस्या गंभीर है और इसी को लेकर जल शक्ति मंत्री ने निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इससे क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन, एसडीओ एवं अवर अभियंता सहित अन्य कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।