Tragic Accident in Narwar Village 4 Dead and 3 Injured During Religious Ceremony हाईटेंशन तार की चपेट में आने से चार की मौत, तीन झुलसे, Ghazipur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsGhazipur NewsTragic Accident in Narwar Village 4 Dead and 3 Injured During Religious Ceremony

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से चार की मौत, तीन झुलसे

Ghazipur News - मरदह थाना क्षेत्र के नरवर गांव में काशीदास पूजन के दौरान झंडा लगाने के समय 400 केवीए के ट्रांसमिशन तार से बांस टकरा गया। इस हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से 4 की मौत हो गई। मुख्यमंत्री...

Newswrap हिन्दुस्तान, गाजीपुरThu, 22 May 2025 04:55 AM
share Share
Follow Us on
हाईटेंशन तार की चपेट में आने से चार की मौत, तीन झुलसे

मरदह, (गाजीपुर), हिन्दुस्तान संवाद। मरदह थाना क्षेत्र के नरवर गांव में बुधवार की सुबह काशीदास पूजन की तैयारी के समय झंडा लगा बांस खड़ा करने के दौरान ऊपर से गुजरे ट्रांसमिशन की चार सौ केवीए के तार से टकरा गया। हादसे में सात लोग गंभीर रुप से झुलस गए। आनन फानन में उन्हें मऊ के फातिमा अस्पताल ले जाया गया जहां चार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन का इलाज चल रहा है। हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया और अफसरों को पीड़ित परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार नरवर गांव में पंथी सुरेंद्र यादव के घर पर काशीदास बाबा का पूजन कार्यक्रम था।

इसकी तैयारियां घर के बाहर चल रही थीं। केले और बांस से पूजा का मंडप बनाया गया था। वहीं एक लंबे बांस पर धार्मिक झंडा लगाया गया था। झंडा सुबह ही खड़ा कर दिया गया था। सुबह साढ़े सात बजे पंथी सुरेंद्र यादव ने कहा कि झंडे में आम का पल्लव लगाना है जिसके बाद बांस को नीचे किया गया। आम का पल्लव लगाने के बाद जैसे ही बांस का खड़ा किया जा रहा था कि हवा बहने के कारण ऊपर से गुजरे ट्रांसमिशन के चार सौ केवीए के तार से बांस टकरा गया। इससे बांस पकड़े सात लोग झुलस गए। आनन फानन में सभी को मऊ के फातिमा अस्पताल में ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान चार की मौत हो गयी है। मृतकों में 35 वर्षीय छोटेलाल यादव पुत्र जयनाथ यादव, 19 वर्षीय अमन यादव पुत्र हीरा यादव और दो सगे भाई 25 वर्षीय गोरख यादव और 32 वर्षीय रविन्द्र यादव उर्फ कल्लू पुत्र पुन्नू यादव की मौत हो गई। मरने वालों में रविंद्र यूपी पुलिस में कांस्टेबल थे और अंबेडकर नगर के टांडा में तैनाती थी। छुट्टी पर काशीदास बाबा के पूजन कार्यक्रम के लिए घर आए थे। वहीं 26 वर्षीय संतोष यादव पुत्र भोला यादव, 42 वर्षीय जितेन्द्र यादव पुत्र हरिनंदन यादव और 20 वर्षीय भौरिक यादव पुत्र वीरेन्द्र यादव घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मौके पर तत्काल एसडीएम सदर मनोज पाठक, सीओ कासिमाबाद अनिल चंद तिवारी समेत कई थानों की फोर्स पहुंच गई। एसडीएम सदर मनोज पाठक ने बताया कि इतने बड़े आयोजन की प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। मृतकों के परिवार से संपर्क जानकारी ली जा रही है। 'यूपी दुर्घटना बीमा योजना' के तहत मुआवजा दिया जाएगा। वहीं घायलों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। सीएम ने हादसे का संज्ञान लिया घटना की सूचना जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हुई उन्होंने घटना पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही अफसरों से घटना के संबंध में जानकारी ली और हर संभव मदद पहुंचाने को कहा। घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने एक्स पर कहा कि घटना बेहद दुखद है। सूचना मिलते ही एमडी, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, डीएम गाजीपुर, डीएम मऊ और एमडी विद्युत उत्पादन निगम से बात की। घायलों को हर संभव मदद प्रदान करने का आग्रह किया गया है। हादसे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।