नागरिकों की जान से खिलवाड़ कर रही नगरपालिका
Kannauj News - छिबरामऊ में 25 वार्डों के 30 मोहल्लों में 300 से अधिक स्पीड ब्रेकर बने हैं, जिससे रोज़ हादसे हो रहे हैं। हाल ही में एक बाइक दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। पालिका अध्यक्ष से कई बार मानकों के पालन की...

छिबरामऊ, संवाददाता। नगर के 25 वार्डों से जुड़े 30 मोहल्लों में 300 से अधिक स्पीड ब्रेकर बने हैं। आए दिन इनसे हादसे हो रहे हैं। शासनादेश के अनुसार इनको नहीं हटवा कर नगरपालिका लोगों की जान से खिलवाड़ कर रही है। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बखरिया निवासी रजत (17) पुत्र संतोष अपनी मां अलका व परिवार की शकुंतला देवी (50) के साथ ताजपुर रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी में आया था। रजत दोनों को बाइक से घर ले जा रहा था, तभी ताजपुर रोड पर बनवाए गए काफी ऊंचे स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित हो गई। पीछे बैठीं शकुंतला देवी व अलका उछलकर सडक़ पर जा गिरीं, जिससे घायल हो गईं। रजत व अलका भी चुटहिल हो गईं। परिजन तीनों को सौ शैय्या अस्पताल ले गए। तालग्राम चौराहे से बाईपास हाईवे को मिलाने वाली 200 मीटर लंबी सडक़ पर 10 ब्रेकर बने हैं। मतलब हर 10 मीटर पर एक ब्रेकर। इसी तरह पीपल वाली गली में सुभाष अकादमी तिराहे पर आधा फीट ऊंचे दो ब्रेकरों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इस बारे में पालिकाध्यक्ष मनोज दुबे से कई बार कहा गया, लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया।
-स्पीड ब्रेकर के प्रमुख मानक
छिबरामऊ। ऊंचाई अधिकतम 10-12 सेमी, चौड़ाई न्यूनतम 3.6 मीटर (वाहनों के लिए पर्याप्त चौड़ाई), ढलान ऐसा होना चाहिए कि वाहन को अचानक झटका न लगे। दो स्पीड ब्रेकर के बीच न्यूनतम दूरी 100-150 मीटर होनी चाहिए। स्पीड ब्रेकर को सफेद और काले रंग की धारियों में रंगा जाना चाहिए। चमकदार पेंट का उपयोग करना अनिवार्य है, ताकि रात में दृश्यता सुनिश्चित हो। स्पीड ब्रेकर से 10-15 मीटर पहले चेतावनी साइन लगाना आवश्यक है। चेतावनी संदेश स्पीड ब्रेकर के पास या गति अवरोधक आगे का साइनबोर्ड होना चाहिए। साइनबोर्ड पर गति सीमा (जैसे 20-30 किमी/घंटा) का उल्लेख होना चाहिए। नगर पालिका द्वारा इन मानकों में से किसी का भी पालन नहीं किया गया है। अधिकांश ब्रेकर आधा फीट से एक फीट ऊंचाई बने हैं, जो शासनादेश का खुलेआम उल्लंघन है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।