म्योहर गांव में 24 लाख की लागत से अन्त्येष्टि स्थल निर्माण शुरू
Kausambi News - विकास खंड कौशाम्बी के म्योहर गांव में भूमिहीनों के लिए दाह संस्कार की कठिनाई खत्म होगी। शासन ने अन्त्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए मंजूरी दी है। ग्राम प्रधान विमला देवी ने निर्माण शुरू करा दिया है,...

विकास खंड कौशाम्बी के म्योहर गांव व उसके मजरों में रहने वाले भूमिहीनों को दाह संस्कार करने के लिए अब कठिनाई का सामना नहीं करना होगा। शासन द्वारा अन्त्येष्टि स्थल निर्माण कराने के लिए मंजूरी दे दी गई है। धनराशि खाते में आने के बाद ग्राम प्रधान विमला देवी ने निर्माण स्थल का चयन कर निर्माण शुरू करा दिया है। म्योहर गांव में अन्त्येष्टि स्थल न होने से गांव के भूमिहीनों को कठिनाई का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों को दाह संस्कार करने के लिए ग्रामसभा की भूमि का प्रयोग करना था जिससे विवाद की स्थिति बनी रहती थी। लेकिन ग्राम प्रधान विमला देवी के प्रयास से ग्रामीणों की समस्या का निराकरण जल्द हो जायेगा। उनकी मांग पर डीपीआरओ एके सिंह ने शासन स्तर से न केवल अन्त्येष्टि स्थल को मंजूरी दिला दिया बल्कि धनराशि भी ग्रामसभा के खाते में भेज दिया है। धनराशि मिलने के बाद ग्राम प्रधान अन्त्येष्टि स्थल बनवाने के लिए गांव के मजरा नौबस्ता के पास स्थित ससुर खदेरी नदी किनारे निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। बहरहाल कुछ भी हो अन्त्येष्टि स्थल निर्माण पूरा होते ही दाह संस्कार करने के लिए ग्रामीणों की समस्या दूर हो जायेगी।
म्योहर गांव में अन्त्येष्टि स्थल की मंजूरी के बाद निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है। ग्राम प्रधान द्वारा निर्धारित स्थल पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा होते ही ग्रामीणों को दाह संस्कार करने की समस्या से निजात मिल जायेगी।
एके सिंह, डीपीआरओ
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।