भूमि विवाद में युवक को पीटा, घर में की तोड़फोड़
Kausambi News - चरवा थाने के सिरियांवा कलां गांव में भूमि विवाद के चलते दबंगों ने युवक मो. साजिद की पिटाई की और उसके घर में तोड़फोड़ की। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है...
चरवा थाने के सिरियांवा कलां गांव में शुक्रवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दबंगों ने युवक की जमकर पिटाई की और घर में तोड़फोड़ की। परिजनों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस प्रकरण की जांच में जुट गई। सिरियांवा कलां गांव निवासी मो. कासिम पुत्र मो. युसुफ ने बताया कि जीटी रोड किनारे उसका कीमती खेत है। उसने चार साल पहले तहसील चायल में हदबंदी के लिए मुकदमा दाखिल किया था। पांच फरवरी 2025 को पत्थरगड़ी का आदेश हुआ। गुरुवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जाकर जमीन की नापजोख की थी। पत्थरगड़ी के बाद शुक्रवार को कासिम उस जमीन पर निर्माण कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक दबंग अपने भाइयों, बेटों और भतीजों के साथ असलहा लेकर मौके पर पहुंचा और कासिम के बेटे मो. साजिद पर जानलेवा हमला कर दिया। दबंगों की पिटाई से साजिद बेहोश हो गया। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। परिजनों ने घायल साजिद को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसी दौरान दबंग कासिम के घर पहुंचे और तोड़फोड़ की। पीड़ित के पिता ने आरोपी छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।