पुलिस पर फायरिंग के दोनों आरोपी पकड़ से दूर
Kausambi News - सरायअकिल थाना पुलिस ने खुद पर हमले करने वाले शातिर अपराधी रामदास पाल को गिरफ्तार नहीं किया है। रविवार रात को पुलिस टीम पर हमला हुआ जब उन्होंने संदिग्ध कार रोकी। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि...

सरायअकिल थाना पुलिस खुद पर हमला करने वाले शातिर अपराधी रामदास पाल को नहीं गिरफ्तार कर सकी है। पुलिस टीम पर रविवार की देर रात हमला किया गया था। कार रोकने पर उससे कूदे आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, बाकी दो फरार चल रहे हैं। सरायअकिल इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह रविवार की देर रात अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। बेनीराम कटरा चौराहे पर वह टीम के साथ मौजूद थे। इसी बीच तिल्हापुर मोड़ की ओर से संदिग्ध कार आती दिखी। कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार रुकते ही उसमें से तीन लोग कूदे और भागने लगे। राजेश उर्फ सुग्गी पाल पुत्र सुखलाल को पकड़ लिया गया, जबकि दो शातिर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। पुलिस हमले में बाल-बाल बची। पकड़े गए युवक की कार की तलाशी ली गई तो उसमें से लगभग 21 किलो गांजा, 58 हजार नकद, 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया। फरार आरोपी राजेश का सगा भाई रामदास पाल व एक अन्य है। रामदास पाल सरायअकिल थाना का शातिर अपराधी है। इसके खिलाफ संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इस आरोपी की तलाश में जुटी है, लेकिन उसका सुराग तक नहीं लगा। इंस्पेक्टर सुनील सिंह का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।