सपा के पीडीए का मतलब है पर्सनल डेवलपमेंट एजेंसी : केशव प्रसाद मौर्य
Kushinagar News - कुशीनगर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर तीखा हमला किया, कहा कि सपा केवल व्यक्तिगत विकास एजेंसी है। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया, जैसे कि 24 घंटे बिजली और गरीबों के...
कुशीनगर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को पडरौना में कहा कि सपा के पीडीए का मतलब पर्सनल डेवलपमेंट एजेंसी है। अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री रहते पिछड़ा, दलित याद नहीं आया। अब याद आ रहा कि सत्ता की मलाई चाहिए। सपा प्रदेश, दलित किसी का भला नहीं कर सकती। अराजकता को बढ़ावा देगी। आतंकवादी को माफ किया था। डिप्टी सीएम पडरौना के जूनियर हाईस्कूल में राष्ट्रीय कुशवाहा शाक्य सैनी मौर्य महासभा भारत की तरफ से सम्राट अशोक की जयंती पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने आए थे। वह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्यादातर समय सपा पर हमलावर रहे। उन्होंने वक्फ बिल पर कहा कि इस देश में यदि 100 मुसलमान रहते हैं तो 90 की वक्फ बोर्ड के पास जमीन थी। इसलिए वक्फ बिल संशोधन जरूरी था। यह कानून बनाकर गरीब मुसलमानों का भला भी होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव हुए। कुशीनगर की स्थिति में बदलाव हुआ। बिजली एक घंटा दिन और रात में मिलती थी, अब 24 घंटे शहर और 18 घंटे देहात को बिजली मिल रही है। सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकार में बिजली आती ही नहीं थी। भाजपा में बिजली जाती नहीं। बिना रिश्वत ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाता था, लेकिन अब स्थिति अलग।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सम्राट अशोक महान थे। जब वह विजय यात्रा पर थे तो पराजय छू नहीं सकती थी। आज जब मैं यहां आया तो सबसे पहले निर्वाण स्थली गया और आशीर्वाद लिया। फिर यहां आया हूं। जिस भाजपा का कार्यकर्ता हूं। वह पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। भारत की सीमाएं सुरक्षित और संरक्षित हैं। महान सम्राट अशोक के सुशासन का अनुकरण करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं।
हमने दुनिया को बुद्ध दिया है, युद्ध नहीं
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र संघ पहुंचे तो ललकार कहा कि संसार को भगवान बुद्ध दिया है। युद्ध नहीं दिया है। पाली भाषा को शांति भाषा का दर्जा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने दिया है। कुशीनगर समेत भगवान बुद्ध से जुड़ी स्थली पर जरुर जाइए, 2014 से पहले और 2025 के बीच जमीन आसमान का अंतर है। सम्राट अशोक की जयंती समारोह पूरे देश मे मनाई जाती है। मैं किसान परिवार का हूं। फसल तैयार की जाती है और मौसम के विपरीत जाकर एकता को दिखाया है।
सपा की सरकार में गुंडागर्दी और अराजकता थी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 पीएम मोदी के सरकार बनाने के लिए कुशीनगर के अंदर 73 सांसद जिताया है, जिसका श्रेय आपको जाता है। 2014 में देश में सरकार बनी तो समाजवादी पार्टी की सरकार में गुंडागर्दी और अराजकता थी। शांति व्यवस्था खत्म थी। 2016 में मुझे प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया तो 40 विधायक बचे थे। सपा-बसपा का युग था। 2017 में कुशीनगर 325 विधानसभा में सीट दिलाया। भाजपा को मजबूत किया। पार्टी ने मेरे जैसे कार्यकर्ता को मजबूत किया। उत्तर प्रदेश के अंदर 2019 में विजय दुबे को रिकार्ड वोट से जिताया था। 2022 के विस चुनाव में भाषण में सपा 400 सीट जीतने का दावा करने लगी। वे धमकी देते थे। 2022 में कुशीनगर की सभी सीट को जिताया और 275 सीट देकर भाजपा की सरकार बनाई। 2024 में लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को अकेले बहुमत नहीं मिला। तीसरी बार देश में भाजपा और मोदी सरकार बन गई।
भाजपा ने भेदभाव को खत्म किया
देश की सुरक्षा, गरीबों का उत्थान, महिला सशक्तीकरण, जाति पाति के भेदभाव को खत्म करने के लिए अशोक सम्राट के मंत्र को आगे बढ़ाया। सबका साथ सबका विकास मंत्र। इस समय कोई भेदभाव नहीं। 2027 का विधानसभा चुनाव होगा। उस समय बसपा का पता नहीं होगा तो कांग्रेस को ढूंढ भी नहीं पाएंगे। किसान सम्मान निधि के रूप में मोदी ने 6000 रुपये दिया। कांग्रेस सहित भाजपा के विरोधी दल हैं, वह जानते हैं कि नरेंद्र मोदी बैठे रहेंगे तब तक गरीबों का भला होता रहेगा। तीसरी बार फिर यूपी में भाजपा सरकार बनेगी, ये गारंटी है। भाजपा ने सम्राट अशोक के वशंजों को आगे बढ़ाया है। नायाब सिंह सैनी, सम्राट चौधरी को बड़ी पदवी दी है। भाजपा किसी का अधिकार नहीं छीनती है। मेरा दरवाजा खुला है। उन्होंने कहा कि खुद को डिप्टी सीएम समझो। कार्यकर्ता केशव से खुद को कम न समझें।इस दौरान सांसद विजय कुमार दुबे, सदर विधायक मनीष जायसवाल, खड्डा विवेकानंद पांडेय, रामकोला विनय प्रकाश गौंड़, हाटा मोहन वर्मा, फाजिलनगर सुरेंद्र कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, पडरौना नगरपालिका के चेयरमैन विनय जायसवाल, बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, पिछड़ा आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख विशुनपुरा विंध्यवासिनी श्रीवास्तव सहित अनेंक गणमान्य लोग मौजूद थे। इससे पहले आयोजक एवं राष्ट्रीय कुशवाहा शाक्य सैनी मौर्य महासभा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष नथुनी प्रसाद कुशवाहा, परशुराम कुशवाहा, केदार कुशवाहा, ने आगंतुकों का स्वागत किया। इस दौरान संगठन के सभी पदाधिकारी पुलिस और प्रशासन के लोग उपस्थित रहे। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केदार कुशवाहा ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया। संचालन अनूप मिश्र ने किया।
प्रतिमा का किया अनवरण
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पडरौना के भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज में भव्य कार्यक्रम के बीच प्रबंधक एवं निदेशक तथा राष्ट्रीय कुशवाहा शाक्य सैनी मौर्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नथुनी प्रसाद कुशवाहा की मां बन्नी देवी तथा पिता उमाशंकर कुशवाहा की प्रतिमा का अनावरण किया। वहां संगठन एवं भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर नथुनी प्रसाद कुशवाहा, प्रधानाचार्य नवेंदु भूषण कुशवाहा, बबलू कुशवाहा, अनूप मिश्रा सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।