आंधी-बारिश, ओलों ने बढ़ाई मुसीबत, फसलों को नुकसान
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने मौसम को बदल दिया। तापमान 40 डिग्री से घटकर 36 डिग्री पर पहुंच गया। तेज आंधी और बारिश ने किसानों की गेहूं और धनिया की फसलों को नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों...

लखीमपुर। बुधवार की रात आई तेज आंधी और फिर बारिश से मौसम बदल गया। पारा चार डिग्री घटकर 36 पर पहुंच गया। इससे जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है। वहीं आंधी के साथ बारिश और कई जगहों पर ओले भी गिरने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बारिश से खेतों में खड़ी और कटी पड़ी गेहूं की फसल भीग गई है। सुबह भी बारिश जारी रही। फसल के नुकसान के बाद सर्वे का आदेश दिया गया है। बुधवार की देर रात आई आंधी ने आवागमन प्रभावित कर दिया। तेज आंधी का सबसे ज्यादा असर जंगल के क्षेत्रों से निकले हाईवे पर हुआ। तेज आंधी की वजह से जगह-जगह वाहन ठहर गए। इसके बाद शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर जारी रही। जिले के कई इलाकों में बारिश के दौरान ओले भी गिरे। जिससे पारा नीचे आ गया। पारा 40 से घटकर 36 डिग्री पर आ गया। वहीं इस मौसम से किसानों को बहुत दिक्कत हो गई है। बुधवार को सहालगों का दिन था। इस दौरान तेज आंधी में शादियों के टेंट उखड़ गए। खीरी टाउन में टेंट गिरने से एक युवक का सिर फट गया।
चपरतला। बेमौसम बारिश से किसानों के माथे पर चिंता की लकीर खींच दी है। खेतों में पकी खड़ी गेहूं की फसल की कटाई इस समय किसान जोरों से कर रहे हैं। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल तेज हवा चलने से उड़ गई। जिसको किसानों का काफी नुकसान हो गया। कई जगह किसानों का खेतों में भूसा भीग गया। स्थानीय किसानों का कहना है कि फसल कटाई के बाद अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है।
भीखमपुर। गुरुवार सुबह आंधी के साथ हुई बारिश से किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। आंधी बरसात से गेहूं व धनिया की फसल को नुकसान हुआ है। वहीं गन्ना की फसल को फायदा हुआ है। आंधी पानी से गेहूं की फसल उड़ने व भीगने से उत्पादन में नुकसान की आशंका है। कस्बा निवासी विरेश पांडे व हरीराम पांडे की एक एकड़ गेहूं की कटी पड़ी फसल उड़ने व भीगने से नुकसान की आशंका व्यक्त की है। वहीं सुरेश यादव के खेत में तैयार गेहूं की फसल गिरने से नुकसान हुआ है।
तिकुनियां। इलाके में बुधवार की रात तेज आंधी के बवंडर से लोग घबरा गए। इस बीच हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से सप्लाई काट दी गई। जिस कारण अंधेरे में लोग पूरी रात रहे। पूरी रात रुक-रुक कर तेज बारिश तथा आकाशीय बिजली कड़कती रही। बारिश से गन्ने की फसल को लाभ मिला है लेकिन गेहूं की फसल जो अभी खेतों में खड़ी है खेतों में गिर जाने से नुकसान पहुंचा है। बिजली आपूर्ति ठप होने से तथा बारिश के चलते लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।