किनारे किए जा रहे लोग मेन लाइन में आने की कोशिश न करें : अखिलेश
Lucknow News - सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पर हमला किया, जिन्होंने पूर्व चुनाव आयुक्त एस.वाई कुरैशी को मुस्लिम आयुक्त बताया था। अखिलेश ने भाजपा की आंतरिक गुटबाज़ी और चुनाव धांधलियों का जिक्र...

एसवाई कुरैशी का बचाव करते हुए अखिलेश ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को घेरा लखनऊ, विशेष संवाददाता
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्व चुनाव आयुक्त एस.वाई कुरैशी को मुस्लिम आयुक्त बताने पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पर तीखा हमला किया है। अखिलेश ने कहा कि जिसको उसी के तथाकथित अपने दल ने ये कहकर ख़ारिज कर दिया हो कि उसका विचार व्यक्तिगत है और इस लायक नहीं कि उसकी पुष्टि या समर्थन किया जाए, वो एक सेवानिवृत्त सांविधानिक पद को सफलतापूर्वक सुशोभित कर चुके उच्चाधिकारी के बारे में मुंह न खोले, उसी में उसकी इज़्ज़त है।
‘साइड-लाइन किए जा रहे लोग अपने विवादित बयानों से ‘मेन-लाइन में आने की कोशिश न करें। भाजपा वाले किसी के क्या, ख़ुद के भी सगे नहीं हैं। भाजपा की अंदरूनी गुटबाज़ी चरम पर है। भाजपा की ‘भ्रष्टाचार-मंडली की सर-फुटव्वल आपस में ही एक-दूसरे के राज़ खोल रही है।
असल में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी को मुस्लिम आयुक्त बताते हुए कहा था कि कार्यकाल में झारखंड के संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए मतदाता पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई। इससे पहले कुरैशी ने नए वक्फ एक्ट की आलोचना की थी। अखिलेश ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कई चुनाव धांधलियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने लिखा कि कुछ भी कहने-लिखने से पहले भाजपाई अपनी निम्नलिखित चंद चुनावी वारादातों पर निगाह डाल लें। वर्ष 2022 के यूपी विधानसभा में वोटर लिस्ट के द्वारा धांधली और लगभग 90 सीटों के परिणामों पर घपला हुआ। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में सुप्रीम कोर्ट के सीसाटीवी के सामने वोट की धांधली की वोडियो रिकार्डिंग और बाद में सुप्रीम कोर्ट की डांट पड़ी।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों में कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मदद से झूठी गिनती के आधार पर कई सीटों पर सर्टिफिकेट में हेराफेरी के ‘फ़र्रुख़ाबाद कांड जैसे अनेक ग़ैरक़ानूनी इलेक्शन रिज़ल्ट हेराफेरी कांड हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।