भाजपा सरकार पीडीए समाज का शोषण कर रही: अखिलेश
Lucknow News - - पीडीए की सरकार बनने पर विकास व खुशहाली के लिए काम होगा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनना तय है। पीडीए का संकल्प है कि इस बार सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी। विकास और खुशहाली के लिए काम होगा। सभी को न्याय और सम्मान मिलेगा। भाजपा सरकार पीडीए समाज का शोषण कर रही है। पीडीए के हक और आरक्षण को छीन रही है। लगातार अपमानित कर रही है। अखिलेश सोमवार को पार्टी मुख्यालय में संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है।
सत्ता के संरक्षण में अपराधी खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में ‘सत्ता सजातीय और पुलिस का गठजोड़ साजिश रचकर ‘जाति देखकर हत्या करवा रहा है। इसके लिए मिली सुरक्षा हटाने तक का षड्यंत्र किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार में उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय काम हुए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के किसी काम को आगे नहीं बढ़ाया। पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल किया। अपराधियों को संरक्षण दिया। किसानों, नौजवानों को धोखा दिया। गेंहू, धान खरीद में धांधली और भ्रष्टाचार किया। किसान के गेंहू की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। भाजपा सरकार उद्योगपतियों के लिए आढ़तियों के माध्यम से गेंहू खरीदवा रही है। भाजपा सरकार हर स्तर पर साजिश करती है। जनता भाजपा के षड्यंत्र को समझ चुकी है। इस अवसर पर सांसद आरके चौधरी, राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, विधायक आलम बदी व संग्राम यादव आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।