BJP Criticizes Congress for Mocking Rafale and Undermining Armed Forces राफेल पर से नींबू-मिर्च लटकाने के बयान पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsBJP Criticizes Congress for Mocking Rafale and Undermining Armed Forces

राफेल पर से नींबू-मिर्च लटकाने के बयान पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा

- कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दल भारतीय सशस्त्र बलों के खिलाफ कर रहे हैं काम:

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 5 May 2025 07:37 PM
share Share
Follow Us on
राफेल पर से नींबू-मिर्च लटकाने के बयान पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भाजपा ने देश के प्रमुख युद्धक विमान राफेल का उपहास उड़ाने के लिए कांग्रेस की कड़ी आलोचना की है। साथ ही कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दल पर भारतीय सशस्त्र बलों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल पांचवें स्तंभ बन गए हैं, जो सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने का काम कर रहे हैं। भाजपा ने यह आरोप तब लगाया, जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने एक 'खिलौना राफेल' दिखाकर पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ सरकार की संभावित जवाबी कार्रवाई के संदर्भ में उस पर कटाक्ष किया।

भाजपा ने राय की इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पाकिस्तानी सेना और इंडिया गठबंधन के नेताओं के बीच तुलना करते हुए कहा कि पाकिस्तानी सेना संघर्ष विराम का उल्लंघन करके सीमा पार से भारतीय सशस्त्र बलों पर बमबारी कर रही है, जबकि विपक्षी नेता देश के भीतर से ही अपनी टिप्पणियों से उन पर निशाना साध रहे हैं। सेना का मनोबल गिराने वाला बयान त्रिवेदी ने कांग्रेस के कई नेताओं की पिछली टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा कि यद्यपि भारतीय मीडिया में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ किसी भी टिप्पणी के लिए शायद ही किसी पाकिस्तानी नेता का हवाला दिया जाता है, लेकिन पड़ोसी देश में भारतीय नेताओं को सरकार की आलोचना करने और भारतीय सशस्त्र बलों का मनोबल कथित रूप से गिराने के लिए अक्सर उद्धृत किया जाता है। प्रधानमंत्री ने दृढ़ नेतृत्व का परिचय दिया त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तानी सेना से कहीं अधिक ताकतवर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ नेतृत्व का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि जब नेताओं के एक सुर में बोलने की बात आती है तो पाकिस्तान भारत से आगे है। अजय राय बोले-बयान पर कायम, देश को सच्चाई दिखाई भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया के बावजूद अजय राय ने बयान पर कायम रहते हुए कहा है कि उन्होंने देश को सच्चाई दिखाई। जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राफेल लेने गए थे तो उन्होंने उस पर नींबू और मिर्च बांधी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यह नींबू और मिर्च कब हटेगी और राफेल कब काम करेगा। आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी? पूरा भारत पहलगाम हमले का बदला लिए जाने का इंतजार कर रहा है लेकिन केंद्र सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। अजय राय सेना का मनोबल तोड़ने की कोशिश कर रहे : निशिकांत दुबे नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भारतीय सेना का मनोबल तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए दुबे ने एक्स पोस्ट में कहा, पाकिस्तान समर्थक कांग्रेस पार्टी के यूपी अध्यक्ष अजय राय को देखिए, जो पाकिस्तानी अखबारों और चैनलों में सुर्खियां बटोर रहे हैं। सेना का मनोबल तोड़ने की कांग्रेस पार्टी की साजिश को समझिए। कांग्रेस पार्टी पाकिस्तानी टेरर डीप स्टेट की आधिकारिक प्रवक्ता बन गई : प्रदीप भंडारी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि जैसे ही भारत में पाकिस्तानी प्रचार पर प्रतिबंध लगेगा, कांग्रेस पार्टी आधिकारिक तौर पर पाकिस्तानी टेरर डीप स्टेट का प्रचार प्रसार करेगी। भंडारी ने कहा, कांग्रेस पाकिस्तानी टेरर डीप स्टेट की आधिकारिक प्रवक्ता बन गई है। एक तरफ राहुल गांधी केंद्र सरकार को पूरा समर्थन देते हैं कि वे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करें। दूसरी तरफ 24 घंटे से भी कम समय में कोई न कोई कांग्रेस नेता पाकिस्तान के समर्थन में बोल देता है। कांग्रेस खुद एक मजाक बन गई है: अनुराग ठाकुर कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश), एजेंसी। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी एक मजाक बन गई है। कांगड़ा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से अनुराग ठाकुर ने कहा, राफेल पर बयान को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने पहले भी राहुल गांधी को फटकार लगाई थी। कांग्रेस नेताओं को याद रखना चाहिए कि जो लोग इस तरह के मजाक बनाते हैं, उन्हें बार-बार कोर्ट में फटकार के लिए तैयार रहना चाहिए। ठाकुर ने कहा, भारत सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सही समय पर उचित जवाब दिया जाएगा। पाकिस्तान के पीआर एजेंट की तरह काम कर रही कांग्रेस : शहजाद पूनावाला नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर हमला बोला। पूनावाला ने कहा, कांग्रेस पाकिस्तान के पीआर एजेंट के रूप में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अजय राय ने न केवल खिलौना दिखाया है, बल्कि पाकिस्तान के इशारे पर सेना के मनोबल के साथ भी खेला है। कांग्रेस नेता देश के खिलाफ काम कर रहे : तरुण चुग नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस के नेता टूलकिट के साथ देश के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस का चरित्र वास्तव में चिंताजनक, शर्मनाक और अनुचित है, खासकर ऐसे समय में जब भारत में तनाव बहुत अधिक है। चाहे सिद्धरमैया की सोच हो, तारिक कर्रा या चरणजीत सिंह चन्नी और अब अजय राय, लगातार कांग्रेस के नेता टूलकिट के साथ देश के खिलाफ काम कर रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।