शहर में 75 किमी की गति से चली हवा, बारिश से पारा लुढ़का
Lucknow News - तेज आंधी और बारिश ने लखनऊ के लोगों को गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार रात आंधी की गति 75 किमी/घंटा तक पहुंच गई और औसत वर्षा 4.4 मिमी रही। आने वाले चार से पांच दिन में और अधिक...

तेज आंधी और बारिश से शहर के लोगों को गर्मी से निजात मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार रात आंधी की गति 75 किलोमीटर प्रतिघंटा तक दर्ज की गई। शहर में औसत वर्षा 4.4 मिलीमीटर रही। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की शाम से आंधी बारिश का सिलसिला और बढ़ने का पूर्वानुमान है। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार सरोजनीनगर से हजरतगंज के बीच सबसे ज्यादा बारिश हुई। एयरपोर्ट स्थित मौसम केन्द्र पर 6.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। एलयू के पास 6.0, मलिहाबाद में 2.5, मोहनलालगंज में 2.5 और कुर्सी रोड स्थित ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन पर 3.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र अब डीप डिप्रेशन की स्थिति में बदल रहा है। इससे लखनऊ समेत आसपास के जिलों में आने वाले चार से पांच दिन आंधी-बारिश की तीव्रता बढ़ जाएगी। इस दौरान बिजली गिरने, ओलावृष्टि की भी कुछ इलाकों में संभावना है। प्रदेश के ऊपर से पहले ही एक प्री मानसून की ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसी वजह से बुधवार रात आंधी के साथ तेज बौछारें पड़ीं। जब इस चक्रवाती मौसमी परिस्थिति को डीप डिप्रेशन का साथ मिल जाएगा तो मौसम और खराब होगा। वहीं, बारिश की वजह से रात का तापमान 3.5 डिग्री नीचे आ गया। यह 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में बादलों की आवाजाही के बीच धूप छांव का सिलसिला चलता रहा। इस बीच अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।