यूपी ने प्रगति के सभी मापदंडों को पीछे छोड़ा: जितिन प्रसाद
Lucknow News - केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश बन रहा है। उन्होंने व्यापार और उद्योगों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि स्थानीय स्तर...

उत्तर प्रदेश अब इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश बन रहा: जितिन प्रसाद -इंडो-अमेरिकन चैम्बर ऑफ कॉमर्स, नार्थ इंडिया काउंसिल के सेमिनार में कहा -व्यापार और उद्योगों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करें लखनऊ। प्रमुख संवाददाता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि हम सबका प्रयास है कि उत्तर प्रदेश विकसित राज्य बने। अब यह प्रदेश इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश बन रहा है। आने वाले समय में लखनऊ में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलें सेना की ताकत को बढ़ाएंगी। क्लार्क अवध होटल में इंडो-अमेरिक चैंबर ऑफ कॉमर्स, नार्थ इंडिया काउंसिल की ओर से 'राइजिंग यूपी: सफल गर्वनेंस के आठ साल' पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि जितिन प्रसाद ने कहा कि आठ वर्ष में यूपी ने प्रगति के सभी मापदंडों को पीछे छोड़ दिया है।
'आपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा आतंकवादी घटनाओं से अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पड़ता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तमाम चुनौतियों के बावजूद आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है। देश की 140 करोड़ की आबादी गिनती नहीं हमारी ताकत है। प्रदेश में सड़कें, एक्सप्रेस-वे, परिवहन, कानून व्यवस्था के क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है। आज बड़ी कंपनियां यूपी में निवेश कर रही हैं। हम सबका प्रयास रहे कि यूपी देश का नंबर वन प्रदेश बने। व्यापार और उद्योगों को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि प्रदेश के किसी नागरिक को रोजी-रोटी के लिए दूसरे स्थानों पर न जाना पड़े। कानून व्यवस्था से बदलाव आया: ब्रजेश पाठक प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कानून व्यवस्था बेहतर किए बिना प्रगति संभव नहीं है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता थी। व्यापारी डरे-सहमे रहते थे। यूपी के बच्चे बाहर पढ़ने जाते थे तो उन्हें कोई रहने के लिए कमरा नहीं देता था। भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था में सुधार से आज यूपी विकास के पथ पर दौड़ रहा है। सर्वाधिक 17 एयरपोर्ट आज यूपी में हैं। आने वाले समय में जेवर एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। निर्यात 86,000 करोड़ से बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। प्रदेश के सभी 75 जिलों को फोरलेन से जोड़ दिया गया है। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश को सर्वोच्च शिखर पर ले जाने की ताकत है। आधुनिक खेती से किसान समृद्ध हो रहे : दिनेश प्रताप सिंह उद्यान एवं कृषि मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पारंपरिक खेती के स्थान पर आधुनिक और व्यावसायिक खेती पर बल दिया। कहा कि ऐसी खेती कर किसान आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहे हैं। औषधीय फसलें, सब्जियां, मसाले, फूलों आदि की खेती करके अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। सेमिनार में उपस्थित औद्योगिक इकाइयों से आग्रह किया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना करके आप किसानों की उपज का मूल्य संवर्द्धन करने में सहायता कर सकते हैं। सेमिनार को पूर्व अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह, पूर्व डीजीपी ओपी सिंह आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर समाज में अग्रणी भूमिका निभाने वालों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान मुकेश सिंह, सेमिनार कंवीनर, चेयरमैन, यूपी स्टेट को-आर्डिनेशन कमेटी एवं एक्जीक्यूटिव काउंसिल मेंबर, इंडो-अमेरिकन चैम्बर ऑफ कॉमर्स, नार्थ इंडिया काउंसिल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।