Development Issues in Sansarpur Water Shortage and Poor Infrastructure Persist बोले मैनपुरी: सभी सुविधाएं मिलें तो बसे संसारपुर का संसार, Mainpuri Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMainpuri NewsDevelopment Issues in Sansarpur Water Shortage and Poor Infrastructure Persist

बोले मैनपुरी: सभी सुविधाएं मिलें तो बसे संसारपुर का संसार

Mainpuri News - मैनपुरी। सीमा विस्तार के तहत शहर के नजदीक बसे संसारपुर गांव को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल तो कर लिया गया, मगर यहां के विकास की जिम्मेदारी पूरी नहीं

Newswrap हिन्दुस्तान, मैनपुरीWed, 9 April 2025 04:34 PM
share Share
Follow Us on
बोले मैनपुरी: सभी सुविधाएं मिलें तो बसे संसारपुर का संसार

सीमा विस्तार के तहत शहर के नजदीक बसे संसारपुर गांव को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल तो कर लिया गया, मगर यहां के विकास की जिम्मेदारी पूरी नहीं की गई। यही वजह है कि इस वार्ड में पीने के पानी की समस्या है, जलभराव यहां बड़ी मुसीबत बना हुआ है। प्रकाश व्यवस्था न के बराबर है। लगभग 5000 की आबादी से जुड़े इस इलाके में विकास कराने के लिए कई बार अधिकारियों के पास लोग पहुंचे। मगर अफसोस किसी ने भी यहां विकास की जिम्मेदारी नहीं निभाई है। हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद के दौरान यहां के लोगों ने साफ कहा कि जब तक इलाके को शहर का हिस्सा नगर पालिका के अधिकारी नहीं मानेंगे, तब तक यहां विकास नहीं हो सकेगा।

नगर पालिका के संसारपुर वार्ड में कुछ महीने पहले शहर का कूड़ा डाला जाने लगा। यहां के लोगों ने विरोध किया तो इस इलाके को कूड़े से तो निजात मिल गई, मगर यहां गांव जैसी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हो सका। संसारपुर क्षेत्र नगर पालिका का बड़ा क्षेत्र है। यहां क्षतिग्रस्त सड़कें गांव जैसी स्थिति बताने के लिए काफी है कि पालिका प्रशासन इस इलाके के विकास के लिए फिक्र बंद नहीं है। यहां के निवासी आशुतोष, नवनीत, विनीत कुमार, रघुवीर, ममता, राजरानी का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन यहां शहर से जुड़ी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दे तो यह इलाका भी शहर का हिस्सा बन जाएगा। भले ही कागजों में पालिका प्रशासन इसको शहर का हिस्सा मानता है लेकिन यहां विकास के नाम पर गांव से भी गए गुजरे हालात बने हुए हैं।

गर्मी के दिनों में यहां पीने के पानी की समस्या रहती है। गंदगी की सफाई नहीं होती। जिससे यहां बीमारियां फैलती रहती हैं। संसारपुर से सटे सेवारामपुर में तो हालत और भी खराब है। यहां भी विकास नहीं हो पा रहा है। यहां के लोग चाहते हैं कि यहां भी सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाए नियमित सफाई की व्यवस्था हो मगर ऐसा हो नहीं पा रहा। यहां के लोगों का कहना है कि यहां श्मशान घाट की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा यहां एक बारात घर की व्यवस्था भी की जाए। बरसात होती है तो जल निकासी का इंतजाम नहीं है। गांव में पानी भर जाता है। इस समस्या का समाधान भी यहां के लोग मांग रहे हैं।

बोले स्थानीय लोग

मैनपुरी वार्ड नंबर 5 ग्राम सेवारामपुर व संसारपुर के लोग जलभराव की विकराल समस्या से जूझ रहे हैं। समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई भी अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है।

-अर्जुन सिंह

संसारपुर व सेवरामपुर को मिलाकर यहां कुल आबादी 12 हजार है। मगर यहां नगरपालिका की ओर से सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों को स्वयं ही अपने घरों व आसपास सफाई करनी पड़ती है।

-जयदीप

लोगों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। दो दिन पूर्व हुई बारिश से जलभराव हो गया लेकिन पालिका द्वारा जलनिकासी का कोई इंतजाम नहीं किया गया। चेयरमैन व ईओ को कोई ठोस कदम उठाना चाहिए।

-लाखन सिंह

सेवारामपुर के लोगों की मांग है कि पूरे गांव में जो भी जलनिकासी की व्यवस्था को दुरस्त कराया जाए व सड़कों की मरम्मत कराई जाए। सरकार उनकी परेशानियों को समझेगी तभी समस्याओं का समाधान होगा।

-महेश कुमार

सेवारामपुर व संसारपुर गांव को नगर पालिका में तो शामिल हो गए हैं लेकिन दोनों गांव की सूरत गांव से भी खराब है। मुख्य मार्ग के दोनों तरफ जलभराव की समस्या व जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं।

-मंजू शाक्य

दोनों ही गांव में पालिका की ओर से 6 सफाई कर्मचारी तैनात है सफाई व्यवस्था खराब पड़ी हुई है। सफाई कर्मी आते हैं और झाडू लगाकर कचरे का ढेर लगाकर चले जाते हैं। चेयरमैन सफाई कराए व उसका निरीक्षण भी करे।

-मिथलेश देवी

अगर प्रकाश व्यवस्था की बात की जाए तो दोनों ही गांव में प्रकाश व्यवस्था शून्य पड़ी है। एक सैंकड़ा से अधिक बिजली पोल लगे हैं जिन पर कोई स्ट्रीट लाइट नहीं लगी हैं। जिससे चोरी जैसी घटनाएं होती रहती हैं।

-मिथलेश कुमारी

ग्राम सेवारामपुर व संसारपुर में लगभगव 50 नए कूड़ेदान रखे जाएं और ग्रामीणों को घर का कूड़ा कूड़ेदान में डालने के लिए जागरूक किया जाए। कूड़ेदान का प्रयोग करने से ही गांव में स्वच्छता आ सकती है।

-राधेश्याम

बारह हजार की आबादी में शादी समारोह के लिए कोई बारात घर नहीं है। गरीब बेटियों की शादी के लिए सरकार द्वारा एक बारात घर का निर्माण कराया जाए। जिससे हर गरीब को बेटी के विवाह में दिक्कत न हो।

-रघुनंदन कुमार

शवों के अंतिम संस्कार के लिए दोनों ही गांव में कोई शमशान घाट नहीं है। जिससे वहां रहने वाले लोग अपने खेत में ही शव का अंतिम संस्कार करते हैं। पालिका द्वारा कम से कम एक शमशान घाट का निर्माण कराया जाए।

-राजीव कुशवाह

संसारपुर में बने तालाब की सफाई न होने से गंदगी से भरा पड़ा है। यहां के लोग चाहते हैं कि तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाए। सौंदर्यीकरण होने से संक्रामक बीमारियां नहीं फैलेगी व वाटर लेवल भी अच्छा रहेगा।

-राम औतार

पूरे वॉर्ड के अंदर 12 सड़कों के निर्माण के लिए सभासद ने नगरपालिका को प्रस्ताव भेजा था, एक भी सड़क का निर्माण नहीं हुआ हैं। पालिका सभासद की नहीं सुन रहीं तो उनकी समस्याओं का समाधान कैसे होगा।

-सर्वेश कुमार

वॉर्ड 5 के संसारपुर व सेवारामपुर में सभासद द्वारा 6 पानी टंकी का निर्माण कराया गया। बताया था कि एक टंकी से 50 घरों में पेयजल व्यवस्था होगी। लेकिन वाटर लाइन व बिजली कनेक्शन न होने से पानी का संकट बना हुआ है।

-वीरेंद्र कुमार

पूर्व चेयरमैन ने जो नाला निर्माण कराया था वह पूर्ण रूप से गलत है। नाला निर्माण में एक करोड़ का बजट भी लगा था। तालाब के पानी की निकासी इस नाले से नहीं हो रही है। पालिका द्वारा नए नाले का निर्माण कराया जाए।

-सुरेश कुमार

सेवारामपुर में पीने के पानी कभी संकट बना हुआ। जिससे छोटे-छोट परिवारों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। नगरपालिका द्वारा जगह चिन्हित कर हैंडपंप लगवाए जाए। जिससे पेयजल व्यवस्था सुचारू हो सके।

-सुशीला देवी

सेवरामपुर में स्थित तालाब के किनारे मकान सीलन से कभी भी धराशायी हो सकते हैं। तालाब के जल निकासी की समस्या का समय रहते समाधान किया जाए। बारिश के मौसम में यह खतरा और भी बढ़ जाता है।

-विपिन शाक्य

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।