मंदिर के लिए कल्याण ने कुर्बान कर दी थी अपनी सरकार
Mainpuri News - भोगांव में पूर्व मुख्यमंत्री बाबू कल्याण सिंह पार्क और उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने स्व. कल्याण सिंह की विरासत और योगदान की...

भोगांव। पूर्व मुख्यमंत्री बाबू कल्याण सिंह पार्क और उनकी प्रतिमा का शुक्रवार को अनावरण किया गया। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति में जयवीर सिंह, उन्नाव के भाजपा सांसद साक्षी महाराज और पूर्व सांसद राजवीर सिंह भी पहुंचे। इस दौरान पर्यटन मंत्री ने कहा कि यूपी सरकार ने महापुरुषों और वीर सपूतों के सम्मान के लिए खजाना खोल रखा है। स्व. कल्याण सिंह ने प्रदेश और देश को एक नई दिशा दी। उनकी प्रतिमा का अनावरण और उनके नाम पर पार्क का निर्माण करके मैनपुरी भाजपा ने उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है। शुक्रवार को भव्य आयोजन के दौरान स्व. कल्याण सिंह 12.30 फीट लंबी प्रतिमा का अनावरण करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी उनकी प्रतिमा लगाने के लिए उनका विभाग हमेशा तैयार है। इसके लिए लोधी समाज के लोग उनके विभाग से संपर्क कर सकते हैं। पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि उनके पिता कल्याण सिंह ने हमेशा भाजपा को ही अपना परिवार माना। उन्होंने प्रदेश और यहां के रहने वालों के सम्मान के लिए काम किया। उन्होंने राम मंदिर के लिए अपनी सरकार को भी कुर्बान कर दिया। बाबूजी ने नारा दिया था कि रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे तो विरोधी कहते थे तारीख नहीं बताएंगे। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है। पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने देश की जनता से किया गया वादा निभाया।
मैनपुरी के लोगों के साथ डिंपल ने किया धोखा: साक्षी
भोगांव। उन्नाव सांसद स्वामी हरि सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश के महापुरुषों की विरासत को संभालने का काम किया है। भाजपा विकास और विरासत दोनों को एक साथ करने में विश्वास रखती है। साक्षी महाराज ने वक्फ बिल पर कहा कि देश में भ्रम फैलाया जा रहा है, लोगों को बरगलाया जा रहा है। लेकिन वे लोग भूल गए कि प्रदेश में योगी और देश के पीएम मोदी के रहते देश में कुछ भी गलत नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत विश्व का सबसे बड़ा विकसित देश होगा। उन्होंने बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा की कुछ लोगों को गाय और गौमूत्र पर शर्म आती है, लेकिन वह भूल गए कि हिंदू समाज में गाय और गौमूत्र का अलग स्थान है। हमारे सभी पूजा पाठ में गाय माता और गोमूत्र की पूजा होती है। उन्होंने मैनपुरी सांसद पर निशाना साधते हुए कहा कि सांसद ने आपका वोट लेकर बिल के विरोध में वोट दिया है और यहां के लोगों से धोखा किया है।
अतिथियों का भोगांव विधायक ने किया स्वागत
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, अंकुर अग्निहोत्री, नगर पंचायत अध्यक्ष नेहा तिवारी, चैयरमैन प्रतिनिधि आशीष तिवारी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कश्मीर सिंह राजपूत ने चांदी का मुकुट पहनाकर व प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत, कासगंज विधायक देवेंद्र राजपूत, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, मैनपुरी भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा, भाजपा नेता गोविंद भदौरिया, राहुल चतुर्वेदी, कलक्टर सिंह, सारितकांत भाटिया, कश्मीर सिंह, भल्लू चौहान, ब्लाक प्रमुख सत्यपाल सिंह यादव, उजागर सिंह, शिवेंद्र राजपूत, जितेंद्र बाबू राजपूत, नीलम दिवाकर, किशोर शाक्य आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।