बोले मथुरा: हरिवंश नगर के विकास की राह में अव्यवस्थाओं का दंश
Mathura News - वृंदावन के हरिवंश नगर कॉलोनी में विकास के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाओं की कमी और गंदगी से जूझना पड़ रहा है। बारिश के दौरान जलभराव और सफाई की कमी से...

कहने को वृंदावन के विकास पर करोड़ों रुपये व्यय हो रहे हैं। तमाम योजनाएं बन रही हैं, लेकिन हरिवंश नगर कॉलोनी का आज तक सुनियोजित विकास नहीं हो सका। स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। गंदगी और जलभराव की समस्या बारिश के दिनों विकराल रूप धारण कर लेती है। समस्याओं को लेकर स्थानीय लोग कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई भी समाधान नहीं हुआ। गंदगी की वजह से लोगों को बीमारी फैलने का डर बना रहता है।
हिन्दुस्तान के बोले मथुरा अभियान में स्थानीय लोगों ने इलाके की प्रमुख समस्याओं को उठाया और समाधान की मांग की। मथुरा-वृंदावन मार्ग पर पुराने पेट्रोल पंप के निकट स्थित हरिवंश नगर कॉलोनी के बाशिंदे जन समस्याओं को झेलने के लिए वर्षों से मजबूर हैं। जर्जर सड़क, गंदगी, अंधकार, पेयजल की किल्लत, जलभराव की समस्या के चलते कॉलोनी के लोगों का जीना दूरभर हो गया है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि जनसमस्याओं से मुक्ति दिलाने की बात करते हैं, लेकिन हरिवंश नगर तो जन समस्याओं की कॉलोनी बनकर रह गया है।
हरिवंश नगर कॉलोनी की आबादी जन समस्याओं को लेकर पिछले काफी वर्षों से त्रस्त हैं। चप्पे-चप्पे पर जनसमस्याओं से घिरे कॉलोनी वासी जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ शासन-प्रशासन की कार्य प्रणाली को लेकर आक्रोशित दिखाई देते हैं। उनको कोई भी जन समस्याओं से मुक्ति नहीं दिला पा रहा हैं। आए दिन स्थानीय लोग शासन-प्रशासन और सरकार से जन समस्याओं से मुक्ति दिलाने की मांग करते रहते हैं। लोगों का कहना है कि मथुरा वृंदावन नगर निगम के 63 के अंतर्गत आने वाले हरिवंश नगर में जन समस्याओं ने पूरी तरह से अपनी गिरफ्त में ले रखा है।
न चलने के लिए सड़क है। न पीने के लिए पानी है। जगह-जगह कूड़े करकट के ढेर कॉलोनी के अधिकांशों में जगहों पर दिखाई देते हैं। सड़कों पर स्ट्रीट लाइट न होने की वजह से रात के समय कॉलोनी अंधकार में डूब जाती है। अधिकांश कॉलोनी में मार्गों की स्थिति बेहद जर्जर है। सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढो में सड़क अनुमान लगाना मुमकिन नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के समय में पूरी कॉलोनी एक तालाब के रूप में तब्दील हो जाती है। सफाई के नाम पर जहां की स्थिति पूरी तरह से जीरो है। आए दिन सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहता हुआ नजर आता है। हिन्दुस्तान समाचार-पत्र द्वारा आयोजित संवाद में स्थानीय लोगों ने बताया कि सफाई की मांग को लेकर वे कई बार नगर निगम प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तरफ बनी हुई है। हजारों की आबादी वाली इस कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि जन समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए कभी शासन प्रशासन गंभीर ही दिखाई नहीं देता है।
यही कारण है कि यहां के बाशिंदे वर्षों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि इस कालोनी का सुनियोजित विकास तक नहीं हुआ है। यही वजह है कि आज तक वे मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। जनप्रतनिधि भी उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से नहीं ले रहे हैं। बारिश के दिनों में यहां का जीवन नारकीय हो जाता है। जलभराव व गंदगी की वजह से हर वक्त बीमारी फैलने का भय बना रहता है।
बोले लोग:::
कॉलोनी में रहने वाले महिला बुजुर्ग और बच्चों की स्थिति बेहद खराब है। जन समस्याओं के चलते सभी का जीवन कष्टों से भर गया है। बुजुर्ग लोगों की स्थिति तो बहुत ही दयनीय है। वह लोग तो घर से बाहर भी नहीं निकल सकते हैं।
-कामेश्वर तिवारी
निगम द्वारा अधिकांश कॉलोनी में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए गाड़ियां भेजी जाती है, लेकिन हरिवंश नगर में आज तक कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आई। जिससे कॉलोनी में जगह-जगह गंदगी और कूड़े कचरे देकर ढेर लगे हुए हैं।
-गिरधारी शर्मा
चौक पड़ी सीवर पाइप लाइन को प्रशासन को तत्काल प्रभाव से साफ करना चाहिए। ताकि जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को मुक्ति मिल सके। गंदे पानी का निकास न होने से संक्रामक बीमारियां फैलने का डर बना रहेगा।
-रतिराम निषाद
कॉलोनी में पेयजल की सप्लाई न होने के चलते लोगों को बाजार से पानी खरीदना पड़ता है। भूगर्भ जल की स्थिति भी बेहद खराब है। अधिकांश जगहों पर खरा पानी है। भीषण गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत कॉलोनी वासियों को बहुत भारी पड़ेगी।
-त्रिपुरारि मिश्रा
चुनाव के दोनों राजनेता जाकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। जन समस्याओं से मुक्ति दिलाने का दिलासा देते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही यहां के लोग अपने को ठगा सा महसूस करते हैं। कॉलोनी विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है।
-रणवीर सिंह
जब बरसात का मौसम शुरू होगा तो हरिवंश नगर गंदे पानी के तालाब के रूप में नजर आएगा। जलभराव की भयंकर स्थिति कॉलोनी वासियों के लिए मुसीबत का पहाड़ बन जाती है। पानी के निकासी न होने की समस्या स्थाई हो गई है।
-भारत उपाध्याय
कॉलोनी में लोगों के लिए पार्क जरूर बना हुआ है, लेकिन लोगों का पार्क में जाना बंद पड़ा हुआ है। पार्क में गंदे पानी का भयंकर जलभराव है। इस कारण पार्क में उठना, बैठना, चलना, फिरना , आना ,जाना सब बंद हो चुका है।
-अंकित दीक्षित
कॉलोनी में पर्याप्त सफाई व्यवस्था न होने के चलते जगह-जगह पहले कूड़े करकट और गंदगी के ढेर लोगों के लिए जी का जंजाल बनते जा रहे हैं। लेकिन शासन प्रशासन सफाई व्यवस्था को लेकर अनजान बना हुआ है।
-आचार्य वैभव भारद्वाज
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।