जिले को 15.06 करोड़ की 31 परियोजनाओं की सौगात
Mau News - हिन्दुस्तान (मऊ) में अमिला नगर पंचायत में डॉ. भीमराव आम्बेडकर जयंती पर गोष्ठी और विकास कार्यों का शिलान्यास कार्यक्रम हुआ। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने 15.06 करोड़ की 31 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।...

हिन्दुस्तान (मऊ)। अमिला नगर पंचायत स्थित शांतानंद स्वतंत्र भारत इंटर कालेज के प्रांगण में रविवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव आम्बेडकर जयंती पर गोष्ठी और विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने 15.06 करोड़ की 31 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। साथ ही पीएम आवास के 10 लाभार्थियों को आवास की चाभी भी सौंपी। कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर पंचायत अमिला स्थित डॉ. भीमराव आम्बेडकर चौक पर स्थापित प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करके किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी वर्ग के लोगों को समान रुप से विकास करना है। आज सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ सभी वर्ग के लाभार्थियों को मिल रहा है। कहा कि देश के महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलकर ही विकास को रफ्तार मिलेगी। 15.06 करोड़ लागत की विकासपरक योजनाओं में पांच कार्यों का शिलान्यास और 26 कार्यों का लोकार्पण कुल 31 कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने बताया अमिला में 515 गरीबों को विगत तीन वर्षों में पीएम आवास मिला है, 507 मकान और मंजूर हुए हैं। साथ ही 500 मकान के लिए चयन की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रकार कुल 2000 से ज्यादा मकान यहां के गरीबों को मिलने जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार सभी गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का प्रयास कर रही है। सभी गरीबों को राशन, मकान, शौचालय, रसोई गैस, मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कांशीराम बहुत बड़े व्यक्तित्व थे। भाजपा सरकार आंबेडकर पार्कों के सुंदरीकरण, मलिन बस्तियों के विकास कार्यों को करने के लिए संकल्पित व प्रतिबद्ध है। कैबिनेट मंत्री ने बताया मऊ बस स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य कराया गया है। कहा कि पंडित अलगू राय शास्त्री की एक बड़ी और भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी। नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने पं. अलगू राय शास्त्री को नमन किया।
ये रहे मौजूद
नगर पंचायत अध्यक्ष घोसी मुन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद घोसी हरिनारायण राजभर, दोहरीघाट नगर पंचायत अध्यक्ष विनय जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, विपिन राय, आद्या शंकर मिश्रा, संयोजक भोलाराम, प्रवीण गुप्ता, सरिता देवी, बंटी राय, सत्यमित्र सिंह, विपिन राय आदि उपस्थित रहे।
बड़ागांव में साफ-सफाई का निरीक्षण
मऊ। कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने बड़ागांव में डॉ. आम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ ही साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से संवाद करके जानकारी हासिल किए। बताया कि भाजपा सरकार बाबा साहब की भावना के अनुरूप गरीबों को राशन, मकान, शौचालय, घरेलू गैस, बिजली कनेक्शन, मुफ्त इलाज सहित कई अन्य योजनाओं के माध्यम से सबके कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
धूमधाम से मनाई गई निषाद राज की जयंती
सूरजपुर। क्षेत्र अंतर्गत रविवार को बेलौली धाम में निषाद राज जयंती समारोह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा भाष्कर निषाद की देखरेख में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री एके शर्मा और विशिष्ठ अतिथि जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद रहे। कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा कि निषाद राज जिनका नाम गुह्राराज था, जो शृंगबेरपुर के राजा थे, ये आदिवासी समाज से आते थे। भगवान राम के बाल सखा थे और उन्होंने राम सीता और लक्ष्मण को वनवास के दौरान गंगा पार करने में मदद की थी। इस अवसर पर राजाराम, हरिनारायण, बिकानू, रामदास, राजेश, मनोज मेघवाल, विनय राय, मनोज राय, अजय राय, सुरेंद्र गुप्ता, संतोष राय, आशीष, सुधीर पाठक आदि रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।