बदहाल सम्पर्क मार्ग से बड़ी रस्तीपुर के बाशिंदे परेशान
Mau News - मऊ के बड़ी रस्तीपुर मोहल्ले के निवासी बदहाल सम्पर्क मार्ग और बिजली के पोलों की कमी से परेशान हैं। बारिश में कच्चे रास्तों से आवागमन मुश्किल हो जाता है। जलनिकासी की समस्या भी गंभीर है, जिससे लोग अपने...

मऊ। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत बड़ी रस्तीपुर मोहल्ले के बाशिंदों को बदहाल सम्पर्क मार्ग से आवागमन में काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। कच्चा मार्ग और इंटरलॉकिंग नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी होती है। वहीं जलनिकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लोगों के घरों का पानी सार्वजनिक स्थानों पर फैला रहता है। लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के मौसम में उठानी पड़ती है। समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। घनी आबादी वाले नगर पालिका क्षेत्र के बड़ी रस्तीपुर मोहल्ले में लगभग आठ हजार से अधिक लोग निवास करते हैं।
अधिकतर लोगों के जीवनयापन का सहारा खेतीबारी और मजदूरी है। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद यहां पर विकास कार्य काफी धीमी गति से कराया जा रहा है। मोहल्ले के निवासी बबलू, परशुराम, चेतन प्रसाद, हरिहर ने बताया यहां सबसे प्रमुख समस्या बदहाल सम्पर्क मार्ग की है। बदहाल सम्पर्क मार्ग के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मुख्य सड़क से तो रास्ता कुछ हद तक दुरुस्त है, लेकिन मोहल्ले के अंदर प्रवेश करने पर अधिकतर स्थानों पर सम्पर्क मार्ग कच्चा और बदहाल पड़ा हुआ है। बारिश के मौसम में सम्पर्क मार्ग से आवागमन करना काफी दुरुह साबित होता है। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगों को होती है। बदहाल सम्पर्क मार्ग को दुरुस्त करने के लिए कई बार सर्वे किया गया, लेकिन फिर भी मार्ग को सही नहीं किया गया। वहीं, दूसरी तरफ जल निकासी के लिए भी अबतक मुकम्मल इंतजाम नहीं किए गए हैं। जलनिकासी के लिए मुकम्मल इंतजाम नहीं किए जाने से लोग अपने-अपने घरों का गंदा पानी इधर-उधर किसी तरह से बहाते हैं। नाली और सम्पर्क मार्ग के इंटरलॉकिंग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी स्थिति जस की तस बनी हुई है। पोल के अभाव में बांस के सहारे होती है बिजली आपूर्ति बड़ी रस्तीपुर मोहल्ले में बिजली के पोल का काफी अभाव है। काफी लंबी दूरी पर बिजली पोल लगाए गए हैं। वहीं कई स्थानों पर बांस के सहारे बिजली के तार बांधकर लोग अपने-अपने घरों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था किए हुए हैं। मोहल्ले के निवासी शेखू, रविन्द्र, ब्रदीनाथ ने बताया बिजली विभाग को पूरी बिल अदा किया जाता है, बावजूद विभाग की तरफ से बिजली के पोल सिर्फ कुछ ही स्थानों पर स्थापित किए गए हैं। बांस के सहारे बिजली आपूर्ति होने से हादसे की भी आशंका हमेश बनी रहती है। बोले लोग मोहल्ले के अधिकतर सम्पर्क मार्ग इंटरलॉकिंग के अभाव में बदहाल पड़े हुए हैं। इसके कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। -ममता। बिजली का पोल काफी दूर-दूर तक स्थापित किया गया है। इसके कारण मजबूरन बांस का सहारा लगाकर बिजली का तार लगाकर कनेक्शन लिया गया है। -विकास। बदहाल मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए जनप्रतिनिधियों ने कई बार आश्वासन दिया, लेकिन मार्ग की हालत में कोई सुधार नहीं हो सका, जिससे काफी दिक्कतें होती हैं। -शिव कुमार। मोहल्ले में जलनिकासी के लिए कोई मुकम्मल इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोग किसी तरह इधर-उधर अपने-अपने घरों का पानी बहाने के लिए विवश होते हैं। -बिन्दु कुमार। काफी संख्या में लोगों द्वारा पात्र गृहस्थी राशन कार्ड बनवाने के लिए आवदेन किया गया था, लेकिन रिपोर्ट और सर्वे के बाद भी राशन कार्ड में लोगों का नाम नहीं चढ़ सका है। -श्रीराम। सम्पर्क मार्ग बदहाल होने से बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जबकि काफी संख्या में लोगों का आवागमन इस क्षेत्र से होकर होता रहता है। -रीता देवी। विकास कार्य कराया जा रहा बड़ी रस्तीपुर मोहल्ले में तेजी के साथ विकास कार्य कराया जा रहा है। जलनिकासी समेत सम्पर्क मार्ग को दुरुस्त करने के लिए भी कवायद चल रही है। शुद्ध पेयजलापूर्ति, पानी निकासी की समस्या और सभी सम्पर्क को जल्द ही दुरुस्त करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। मोहल्ले में सभी सुविधाओं को उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है। जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। -संगम, सभासद, नगर पालिका परिषद मऊ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।