हेड-कांस्टेबल पति पर लगाया पांच महिलाओं से संबंधों का आरोप, कराया मुकदमा
Meerut News - हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल पर उनकी पत्नी ने पांच महिलाओं से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद, एसएसपी मेरठ ने जांच का आदेश दिया। महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसे पति की पूर्व...

हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल के पांच महिलाओं से अवैध संबंध का आरोप लगा पत्नी ने कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला की ओर से एसएसपी मेरठ से शिकायत की गई थी। जांच का आदेश दिया गया जिसके बाद आरोपी हेड कांस्टेबल और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। श्रद्धापुरी निवासी महिला शिक्षिका की तैनाती बरेली में है। शिक्षिका के पिता भारतीय वायु सेना से रिटायर्ड हैं, जबकि भाई सेना में अफसर है। शिक्षिका ने बताया कि उसकी पहली शादी हुई थी, जिसके बाद तलाक हो गया। इसके बाद परिजनों ने दूसरा रिश्ता तलाश किया। मुजफ्फरनगर के गांव बधाई निवासी युवक से रिश्ते की बात हुई।
वह हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल है। वर पक्ष को महिला के पूर्व तलाक की जानकारी दी गई थी। महिला ने बताया हेड कांस्टेबल से उसकी शादी 23 नवंबर 2023 को हुई। महिला ने बताया शादी के बाद पता चला पति ने चार शादी पूर्व में की हुई हैं। एक अन्य महिला से भी अवैध संबंध हैं। सभी महिलाओं से संबंध होने के साक्ष्य शिक्षिका ने एसएसपी मेरठ को दिए। आरोप लगाया जब वह गर्भवती हुई तो उसका जबरन गर्भपात कराया गया। एसएसपी मेरठ को तहरीर दी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल और उसके परिवार पर दहेज उत्पीड़न में मुकदमा कंकरखेड़ा थाने में दर्ज किया गया। एसपी सिटी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।