राष्ट्रीय फेडरेशन कप में मेरठ की रूपल ने 400 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण पदक
Meerut News - मेरठ की रूपल चौधरी ने केरल के कोच्चि में आयोजित राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 52.55 सेकंड में दौड़ पूरी की। यह उनका डेढ़ साल बाद पहला...

मेरठ। केरल के कोच्चि में चल रहे राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में मेरठ की रूपल चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने कुल 52.55 सेकेंड में अपनी दौड़ पूरी की। प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर तमिलनाडु की एशियाई खेलों की पदक विजेता विथ्या रामराज रहीं। उन्होंने यह दौड़ 52.81 सेकेंड में पूरी की। तीसरा स्थान केरल की स्नेहक को मिला। उन्होंने 53.00 सेकेंड का समय लिया। साल 2024 में लगातार चोटों से जूझ रहीं रूपल का यह करीब डेढ़ वर्ष बाद पहला पदक है। इससे पहले रूपल चौधरी ने वर्ष 2022 में राष्ट्रीय अंडर 20 फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में प्रिया मोहन को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इसी वर्ष उन्होंने कोलंबिया में विश्व एथलेटिक्स जूनियर अंडर 20 चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। उन्होंने 51.85 सेकेंड का समय निकालकर नेशनल रिकार्ड भी बनाया। इसी प्रतियोगिता में उन्होंने रिले दौड़ में रजत पदक भी जीता। यह कमाल करने वाली वह पहली भारतीय खिलाड़ी हैं।
घुटने की चोट के कारण रूपल 2023 में पूरे सत्र के लिए बाहर हो गईं। 2024 विश्व रिले चैंपियनशिप में वह 4x400 मीटर रिले टीम में भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्होंने 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया। हालांकि बाद में उन्हे रैंकिंग के चलते बाहर होना पड़ा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।