दिनभर बरसी आग, अभी और चढ़ेगा पारा
Meerut News - मेरठ में सोमवार को गर्मी ने अपना शिकंजा कस लिया, और यह मौसम का सबसे गर्म दिन बन गया। तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की संभावना है। हवा की गुणवत्ता भी गिर रही है। पिछले साल अप्रैल में 42.7...

मेरठ। सोमवार को मेरठ सहित वेस्ट यूपी में गर्मी ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया। दिनभर बरसती रही आग के बीच मेरठ में सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ। अगले दो-तीन दिन में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी के आसार हैं और यह 41-42 डिग्री सेल्सिसय तक जा सकता है। भीषण गर्मी के साथ मेरठ में हवा की गुणवत्ता में गिरावट होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को मेरठ में दिन-रात का पारा क्रमश: 38.4 एवं 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रविवार के सापेक्ष दिन में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जबकि रात में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट। चार किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं के बीच दिन में पारा सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड हुआ, जबकि रात का सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम। एक्यूआई 189 दर्ज हुआ जो मध्यम श्रेणी का है। दस अप्रैल को मेरठ सहित वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश के आसार हैं।
2022 में दर्ज हुआ रिकॉर्ड तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 125 वर्षों में मेरठ में अप्रैल में सबसे अधिक तापमान 28 अप्रैल 2022 को दर्ज हुआ है। इस दिन मेरठ में दिन में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस था, जो एक रिकॉर्ड है। 20 अप्रैल 2017 को तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस था, जो दूसरा सर्वाधिक है। 29 अप्रैल 2022 और 30 अप्रैल 2021 को मेरठ में अधिकतम तापमान क्रमश: 42.3 एवं 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हो चुके हैं। इस साल भीषण गर्मी और अत्यधिक गर्मी की आशंका के बीच मेरठ में अधिकतम तापमान नए रिकॉर्ड बना सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।