नहर में डूब जाने से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
Pratapgarh-kunda News - रानीगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में शुक्रवार को सूर्य प्रकाश यादव नामक युवक नहर में गिरकर डूब गया। घटना के बाद उसकी खोजबीन की गई, लेकिन 2 घंटे बाद उसका शव मिला। परिजनों में शोक की लहर है।...
गौरा, हिन्दुस्तान संवाद। रानीगंज थानांतर्गत सुल्तानपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक युवक नहर किनारे गया था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया जिससे वह नहर में गिर गया। जब तक उसकी खोजबीन शुरू हुई उसकी मौत हो चुकी थी।
रानीगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी राम प्रसाद के 30 वर्षीय बेटे सूर्य प्रकाश यादव शुक्रवार दोपहर 12 बजे के करीब गांव में स्थित शारदा सहायक नहर पर गया था। बताते हैं कि वह शौच करने के लिए नहर में घुसा था कि अचानक उसका पैर फिसल गया। वह नहर में डूबने लगा। तभी कुछ लोगों ने घटना देखी और शोर मचाया। तो रस्सा लगाकर उसकी खोजबीन होने लगी। काफी मशक्कत पर करीब 2 घंटे के बाद उसका शव भवानीगढ़ स्थित नहर पुल के समीप मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर थानाध्यक्ष रानीगंज श्रवण कुमार सिंह और चौकी इंचार्ज सुल्तानपुर अश्विनी पटेल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूर्य प्रकाश की दो बेटी सोनाक्षी तथा रोशनी, पत्नी मंजू सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।