फीस वृद्धि के खिलाफ सिविल लाइंस से कलक्ट्रेट तक गरजे कांग्रेसी
Prayagraj News - कांग्रेसियों ने निजी स्कूलों में मनमाने तरीके से फीस वृद्धि और किताबों व यूनिफॉर्म की खरीदारी पर रोक के खिलाफ विरोध किया। शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी...
निजी स्कूलों में मनमाने तरीके से फीस वृद्धि, किताबों और यूनिफॉर्म को खास दुकानों से खरीदने की बाध्यता का कांग्रेसियों ने विरोध किया। शुक्रवार को कांग्रेसी सड़क पर आ गए। एक तरफ कटरा लक्ष्मी टाकीज चौराहा से मार्च निकाल कर कलक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया तो दूसरी ओर पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। दोनों जगहों पर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। फीस निर्धारित नहीं किए जाने पर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष फुजैल हाशमी और यमुनापार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अशोक पटेल की अगुवाई में पहुंचे कांग्रेसियों ने निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं से अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान हरिकेश त्रिपाठी, सुधाकर तिवारी, हसीब अहमद, किशोर वार्ष्णेय, तस्लीम उद्दीन, सुशील तिवारी, अरशद अली समेत अन्य मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन के नेतृत्व में सिविल लाइंस पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि तत्काल निजी स्कूलों के मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने का प्रदेश सरकार को निर्देश जारी करें, जिससे गरीब, मजदूर के बच्चे शिक्षा के मौलिक अधिकार से वंचित न होने पाएं। ज्ञापन देने वालों में रघुनाथ द्विवेदी, लल्लन पटेल, विनय पांडेय, अजेंद्र गौड़, विवेक पांडेय, निशांत रस्तोगी, विक्रम पटेल, दिलीप सिंह आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।