यमुना में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
Prayagraj News - कोतवाली क्षेत्र के पुराने पुल के नीचे यमुना में एक युवक का शव मिला। युवक की पहचान उसके टैटू से हुई। घरवाले हत्या की आशंका जता रहे हैं, क्योंकि युवक दो दिन से लापता था। उसके भाई ने बताया कि कुछ युवक...

कोतवाली क्षेत्र के पुराने पुल के नीचे यमुना में मंगलवार सुबह एक युवक का शव उतराया मिला। घरवालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। युवक दो दिन से लापता था। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुराने पुल के पास भट्ठा गांव फूलमंडी का रहने वाला केशव लाल बिंद मेहनत मजदूरी करता है। उसका बेटा 32 वर्षीय श्यामू बिंद प्राइवेट नौकरी करता था। घर वालों के मुताबिक श्यामू रविवार को घर से सुबह निकला था। उसके बाद नहीं लौटा। खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार को घरवालों ने उसकी गुमशुदगी नैनी कोतवाली में दर्ज कराई। मंगलवार सुबह श्यामू का शव पुराने पुल के नीचे यमुना में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे श्यामू के घरवालों ने उसके हाथ में बने टैटू के आधार पर शिनाख्त की, क्योंकि उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। भाई काजू विंद ने आरोप लगाया कि रविवार को घर से श्यामू को तीन युवक बुलाकर ले गए थे। वहीं लोग उसे मारकर यमुना में फेंक दिए हैं। इंस्पेक्टर नैनी वैभव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। आरोप के आधार पर जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।