सिविल सेवा परीक्षा में प्रयागराज की शक्ति को पहला स्थान
Prayagraj News - प्रयागराज की शक्ति दुबे ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में देश में प्रथम स्थान हासिल किया। वह पिछले सात सालों से तैयारी कर रही थीं और अपने पांचवे प्रयास में सफलता पाई। शक्ति और उसकी बहन प्रगति ने...
प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। देश की सबसे प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में प्रयागराज की शक्ति दुबे ने देश में प्रथम स्थान हासिल कर संगमनगरी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। पिछले सात सालों से लगातार तैयारी कर रहीं शक्ति ने अपने पांचवें प्रयास में पूरे देश में टॉप किया है। सेंट मेरीज कान्वेंट स्कूल घूरपुर से अपनी जुड़वा बहन प्रगति दुबे के साथ 12वीं तक की पढ़ाई करने के बाद दोनों बहनों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 2016 में एकसाथ बीएससी की डिग्री हासिल की।
उसके बाद शक्ति ने बायोकेमेस्ट्री से बीएचयू से 2018 में एमएससी किया। उसके बाद शक्ति और प्रगति सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए दिल्ली शिफ्ट हो गईं। पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात शक्ति के पिता देवेन्द्र दुबे ने बताया कि कोरोना काल में दोनों बहनें 2020 में प्रयागराज आ गईं और यहीं से तैयारी जारी रखी। स्थितियां सामान्य होते ही दोबारा दिल्ली जाकर तैयारी में जुट गईं।
2023 की सिविल सेवा परीक्षा में महज 12 नंबर कम होने से अंतिम रूप से चयन नहीं हो पाया। इससे थोड़ी हताशा हुईं, लेकिन हौसला नहीं खोया और तैयारी में जुटी रहीं। शक्ति के पूरे परिवार के लिए मंगलवार का दिन यादगार हो गया। पूरे देश में टॉप करने की सूचना मिलने के बाद से परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल की घंटी लगातार बजने लगी तो वहीं नैनी के मामा भांजा तालाब के पास सोमेश्वर नगर कॉलोनी स्थित घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। हालांकि शक्ति की बहन प्रगति को सफलता नहीं मिली है। आईएएस की परीक्षा में टॉप करने के बाद दोनों बहनें सड़क मार्ग से दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना हो गईं।
विज्ञान की छात्रा ने राजनीति विज्ञान से दी मुख्य परीक्षा
कक्षा 11 से एमएससी तक विज्ञान की छात्रा रहीं आईएएस टॉपर शक्ति दुबे ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के लिए राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध को वैकल्पिक विषय के रूप में लिया था। विषय की गहरी समझ और प्रस्तुति के तरीके ने सफलता की राह आसान की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।