तेज हवा-बूंदाबांदी से आठ डिग्री से अधिक लुढ़का तापमान
Prayagraj News - प्रयागराज में पिछले चार दिनों से 40 डिग्री से ऊपर चल रहा तापमान गुरुवार को 32.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने से लोगों को राहत मिली। 11 से 13 अप्रैल...

प्रयागराज, संवाददाता। पिछले चार दिनों से 40 डिग्री पार चल रहा पारा गुरुवार को लगभग आठ डिग्री नीचे आ गया। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण कुछ क्षेत्रों में आंशिक बारिश होने व तेज हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह की हल्की बारिश व तेज हवाओं से लोगों को राहत मिली। बुधवार को अधिकतम तापमान जहां 40.6 डिग्री सेल्सियस था, गुरुवार को 8.2 लुढ़कर कर 32.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे पहले 20 मार्च को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उसके बाद से लगातार अधिकतम तापमान में वृद्धि जारी रही। वहीं, न्यूनतम तापमान बुधवार को 25.2 डिग्री सेल्सियस था जो गुरुवार को 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी 24 घंटे में न्यूनतम तापमान केवल 0.2 डिग्री सेल्सियस कम हुआ।
गुरुवार को भोर से बादल छाए रहे और शहर के कई मोहल्लों में छिटपुट बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 13 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इस बीच 12 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज सतही हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इविवि में के. बनर्जी और समुद्री एवं वातावरण विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रो. शैलेन्द्र राय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट हुआ है। यह स्थिति दो दिन तक बनी रहेगी उसके बाद मौसम में बदलाव होगा। हालांकि बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्योंकि अधिकांश किसानों की रबी की फसल पक चुकी है, जिसके नुकसान होने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।