अशोक नगर की जलापूर्ति सुधारने को पुराने कर्मचारी की लेंगे मदद
Prayagraj News - प्रयागराज के अशोक नगर में पेयजल संकट को दूर करने के लिए जलकल विभाग एक सेवानिवृत्त कर्मचारी सुरेश की मदद लेगा। सुरेश को क्षेत्र में बिछाए गए पुराने पाइपलाइन की जानकारी है। जलकल विभाग ने यह निर्णय तब...

प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। अशोक नगर के एक हिस्से पेयजल संकट दूर करने के लिए जलकल विभाग एक सेवानिवृत्त कर्मचारी की मदद लेगा। संकट वाले इलाके में वर्षों काम करने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी से जलकल प्रबंधन ने संपर्क कर भूमिगत पाइप खोजने में मदद मांगी है। सेवानिवृत्त कर्मचारी ने भी मदद का आश्वासन दिया है।
आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान ने अपने अभियान ‘बोले प्रयागराज के तहत 12 अप्रैल को राजापुर के लोगों ने पेयजल और सीवर की समस्या को उठाया था। ‘गंगा किनारे नसीब नहीं पानी, सीवर साफ नहीं होने से परेशानी शीर्षक से छपी खबर को संज्ञान में लेकर जलकल विभाग ने पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए इलाके में वर्षों काम कर चुके अपने पुराने कर्मचारी सुरेश से संपर्क किया। अशोकनगर में वर्षों काम कर चुके सुरेश को क्षेत्र में बिछाए गए पुराने पाइप लाइन की पूरी जानकारी है।
जलकल विभाग के सचिव शिवम मिश्रा ने बताया कि अशोक नगर कॉलोनी जब बसाई गई, तब से सुरेश क्षेत्र में काम कर रहे हैं। भूमिगत पुराने पाइप की जानाकारी सिर्फ उन्हीं को है। संकट वाले इलाके को भूमिगत पुराने पाइप से सप्लाई देने में सुरेश मदद करेंगे। सचिव के मुताबिक सैकड़ों घरों का पानी संकट दूर करने के लिए एक मिनी नलकूप स्थापित किया गया, लेकिन इसका लाभ नहीं मिला। क्षेत्र में राइजिंग मेन नहीं होने से छोटे पाइप से सप्लाई दी जा रही है। छोटे पाइप से अधिक प्रेशर पर आपूर्ति नहीं कर सकते। प्रेशर बढ़ने से पाइप फट सकता है। इसलिए संकट वाले इलाके को पुराने पाइप से सप्लाई देने की योजना बनी। जल निगम ने दो दिन इलाके में सीवर की सफाई की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।