रामपुर के सक्षम भाटिया ने सिविल सेवा परीक्षा में हासिल की 83वीं रैंक
Rampur News - रामपुर के सक्षम भाटिया ने सिविल सर्विसेज में 83वीं रैंक हासिल की। सक्षम ने तीसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की। उन्होंने 8-9 घंटे पढ़ाई की और अपनी मां के साथ दिल्ली में ऑनलाइन तैयारी की। सक्षम की इस...

रामपुर के सक्षम भाटिया ने सिविल सर्विसेज में 83वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। सक्षम ने परीक्षा की ऑनलाइन तैयारी कर यह कामयाबी हासिल की। यह बात अलग है कि तीसरे प्रयास में उन्हें यह सफलता प्राप्त हुई है। सक्षम भाटिया रामपुर शहर के सराय गेट मोहल्ले के रहने वाले हैं। इनके पिता सुनील भाटिया मिस्टन गंज में किराना स्टोर चलाते थे। जिनका करीब 18 वर्ष पहले देहांत हो चुका है। सक्षम शुरू से ही पढ़ाई में काफी तेज थे। सक्षम ने व्हाइट हॉल पब्लिक स्कूल से 12वीं में 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया था। इसके बाद वह कानपुर चले गए और बाद में अपनी माता के साथ दिल्ली चले गए, जहां पर जेएनयू से पोस्ट ग्रेजुएशन की अब वह पीएचडी कर रहे हैं। जहां पर उन्होनें ऑनलाइन सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू की थी। नतीजा रहा कि सिविल सेवा परीक्षा में 83वीं रैंक हासिल की। बेटे की इस उपलब्धि से घर-परिवार में खुशी की लहर है। सक्षम की मां गीता ने बेटे को मिठाई खिलाकर शुभाशीष दिया। वहीं, जैसे ही लोगों को पता चला, बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर सक्षम के दोस्त बधाई दे रहे हैं। वहीं रामपुर में भी उनके चाचा सतीश भाटिया ने मोहल्ले के लोगों साथ मिलकर खुशी का इजहार करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
आठ से नौ घंटे तक पढ़ता था : सक्षम
सक्षम भाटिया ने बताया कि वह 8 से 9 घंटे तक पढ़ाई करते थे। कहा कि तीसरे प्रयास में सफलता मिली है। उन्होनें यूथ को संदेश देते हुए कहा कि पहली बार में सफलता नहीं मिलने पर हताश नहीं होना चाहिए। विफलता को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना चाहिए। एक दिन सफलता जरूर मिलती है।
सक्षम के आईएएस बनने पर स्कूल में बांटी मिठाई
व्हाइट हॉल पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र सक्षम भाटिया सिविल सर्विसेज परीक्षा उत्तीर्ण कर 83 वीं रैंक के साथ आईएएस अधिकारी बने। सक्षम भाटिया की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और संस्थान का नाम रोशन हुआ है, बल्कि वे अपने साथियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉक्टर वसंत गुप्ता ने कहा कि हमें उम्मीद है कि वे अपने आईएएस करियर में भी उत्कृष्टता का प्रदर्शन करेंगे। इस समाचार से पूरे विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के निदेशक एवं हिंद एजुकेशनल सोसाइटी के उपाध्यक्ष कुणाल नंदा, प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं समस्त शिक्षक- शिक्षिकाओं ने शुभकामनाओं सहित उज्जवल भविष्य की कामना की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।